शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पौड़ी

Pauri News:रामलीला मैदान में शुरू हुआ मंच निर्माण का कार्य – Construction Of The Stage Has Begun At Ramlila Maidan

November 11, 2026


1.15 करोड़ से बनेगा मंच, चेंजिंग रूम और शौचालय

संवाद न्यूज एजेंसी

श्रीनगर। विभागीय अड़चनों के चलते आठ माह से अटके श्रीनगर के रामलीला मैदान के स्थायी मंच का निर्माण आखिरकार शुरू हो गया है। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के प्रयासों के बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ है। हालांकि, इस दौरान परियोजना का स्वरूप और बजट दोनों बदल गए हैं। पहले 1.71 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित योजना अब संशोधित इस्टीमेट में 1.15 करोड़ रुपये की रह गई है। इस धनराशि से मंच, चेंजिंग रूम और शौचालय बनेगा।

पहले प्रस्ताव में भवन के निचले तल पर सात दुकानें, बीच में बहुउद्देश्यीय हॉल और सबसे ऊपर आरसीसी मंच बनाया जाना था। संशोधित प्रस्ताव में मंच के पीछे दो चेंजिंग रूम और शौचालय बनाए जाएंगे। नए प्रस्ताव में दुकानों और बहुउद्देश्यीय हॉल का प्रावधान हटा दिया गया है। पेयजल निर्माण निगम पौड़ी के सहायक अभियंता प्रदीप भंडारी ने बताया कि खनिज न्यास से स्वीकृत करीब 68 लाख रुपये विभाग को मिल चुके हैं। इसी धनराशि से निर्माण शुरू कराया गया है। शेष धनराशि की स्वीकृति के लिए चार दिन पहले नया इस्टीमेट खनिज न्यास को भेजा गया है। विभाग का प्रयास है कि जल्द भवन का स्ट्रक्चर तैयार कर लिया जाए।

भूमि का सीमांकन कराने की मांग

श्रीनगर। निर्माण के साथ रामलीला मैदान की भूमि का मामला भी सामने आया है। आदर्श रामलीला समिति के अध्यक्ष देवेंद्रमणि मिश्रा ने बताया कि राजस्व अभिलेखों में समिति के नाम 24 नाली आठ मुट्ठी भूमि दर्ज है जबकि मौके पर करीब 16 नाली ही है। इस अंतर को देखते हुए समिति ने एसडीएम से तहसील में भूमि का सीमांकन कराने की मांग की ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और भविष्य में परेशानी न आए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X