Prayagraj News:शहर के हर कोने को व्यावसायिक क्षेत्र में तब्दील करना पीढ़ियों के लिए विनाशकारी – Transforming Every Corner Of The City Into A Commercial Zone Is Disastrous For Generations To Come
हाईकोर्ट, सर्किट हाउस और आसपास की सड़कों पर वेंडिंग जोन या शहरी बाजार बनाने पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। कोर्ट ने कहा कि शहर के हर कोने को व्यावसायिक क्षेत्र में तब्दील करने वाला मास्टर प्लान आने वाले पीढ़ियों के लिए विनाशकारी योजना साबित होगी।
इस तल्ख टिप्पणी के साथ न्यायमूर्ति अजित कुमार और न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद की खंडपीठ ने प्रयागराज नगर निगम को बाजार के लिए वैकल्पिक स्थान तलाशने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि वैकल्पिक जगह पर सीमांकन के साथ वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी होनी चाहिए।
कोर्ट अरविंद कुमार मिश्रा के साथ जुड़ी हुई तीन अन्य याचिकाओं पर एक साथ सुनवाई कर रहा है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि पार्किंग की व्यवस्था के बिना न तो वेंडिंग जोन बनाया जा सकता है और न ही शहरी बाजार चलाया जा सकता है। संबंधित सड़क प्रयागराज की प्रमुख सड़कों में शामिल है। इसके आसपास शिक्षा विभाग, राजकीय मुद्रणालय और राजस्व परिषद जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय हैं।
नगर निगम ने ग्रीन बेल्ट के सामने पार्किंग बनाने का प्रस्ताव दिया था। कोर्ट ने इसे स्वीकार नहीं किया। कहा कि इससे सड़क की चौड़ाई कम होगी और वाहनों के आवागमन में परेशानी होगी।
आवासीय इलाके शहर के फेफड़े की तरह, जाम और शोर ने बचाना जरूरी
कोर्ट ने शहर के सुनियोजित विकास पर भी जोर दिया। कहा कि आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों का अलग-अलग निर्धारण होना चाहिए। आवासीय इलाके शहर के फेफड़ों की तरह होते हैं। इन्हें भारी वाहनों, जाम और शोर से बचाना जरूरी है। कोर्ट ने टिप्पणी की कि शहर की हर सड़क और कोने को व्यावसायिक क्षेत्र में बदलने वाला मास्टर प्लान आने वाली पीढ़ियों के लिए विनाश की योजना होगा। मामले की अगली सुनवाई 27 नवंबर को होगी।
