Prayagraj News:सुनियोजित थी हत्या, परिजनों ने की एनकाउंटर की मांग – The Murder Was Premeditated; Family Members Have Demanded An Encounter
हिस्ट्रीशीटर साजन मेहता हत्याकांड में अरविंद भारतीया मुख्य गवाह था। परिजनों का आरोप है कि गवाह होने के कारण ही उसकी सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। उनका कहना है कि जिस तरह सैलून में घुसकर अरविंद को गोली मारी गई, उससे साफ है कि बिना रेकी के इस वारदात को अंजाम नहीं दिया जा सकता था।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे डीसीपी सागर जैन को परिजनों ने बताया कि अरविंद पर साजन मेहता हत्याकांड में गवाही से मुकरने का दबाव बनाया जा रहा था और उसे धमकियां भी मिल रही थीं। परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की है। वहीं, पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के लिए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा, अरविंद के खिलाफ भी कुछ एफआईआर दर्ज होने की बात सामने आई है।
हैजा अस्पताल परिसर में हुई थी साजन की हत्या
26 सितंबर 2025 को दशहरे से एक दिन पहले साजन मेहता की कुछ लोगों ने हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने एसओजी समेत पांच टीमें गठित की थीं। घटना हैजा अस्पताल परिसर में हुई थी। एफआईआर के मुताबिक, मटियारा रोड के पास बाइक टकराने के विवाद के बाद मोहल्ले के ही सिकंदर पासी, गुड्डू पासी, सुधीर पासी, प्रिंस पासी समेत 15 लोगों ने मिलकर साजन को हैजा अस्पताल परिसर में खींचकर ईंट-पत्थरों से हमला किया था। साजन के खिलाफ कुल 21 मुकदमे दर्ज थे। एसओजी की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
मौसी के घर शादी में जाने की थी तैयारी
अरविंद शाम को मौसी के घर शादी समारोह में शामिल होने के लिए जाने वाला था। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि समारोह में शामिल होने जाने से पहले वह शेविंग कराने के लिए गए थे। शेविंग के बाद वह सीधा मौसी के घर निकलते लेकिन उससे पहले ही नकाबपोश बदमाशों ने गोली मार दी।
जिले में तीन दिनों में दो हत्या
जिले में बीते तीन दिनों में दो लोगों की हत्या कर दी गई। थरवई में हत्या के पहले साधु को भी जान से मारने की धमकी मिली थी। वहीं, अरविंद के परिजनों का भी आरोप है कि उसे भी धमकी दी गई थी। उसने पुलिस से शिकायत भी की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों ने डीसीपी सागर जैन को बताया अरविंद को धमकी दी जा रही थी लेकिन पुलिस से शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। डीसीपी नगर सागर जैन ने बताया कि घटना स्थल के आसपास के सभी सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
