Rampur Bushahar News:नशा तस्करी के आरोपी को पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजा कंडा जेल – Accused In Drug Trafficking Case Sent To Kanda Jail Under The Pit-ndps Act
चौपाल पुलिस ने बालफड़च गांव में घर से हिरासत में लिया 34 वर्षीय अत्तर सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू)।
नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चौपाल पुलिस ने एक आदतन आरोपी को पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत डिटेन कर आदर्श केंद्रीय कारागार कंडा भेज दिया है। आरोपी की पहचान बालफड़च निवासी 34 वर्षीय अत्तर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त था। सीआईडी के आदेश संख्या सीआईडी/पीआईटी-एनडीपीएस/2026-94-98, दिनांक 4 नवंबर 2026 के तहत उसके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई। इसके बाद 5 नवंबर को शाम करीब 4:50 बजे चौपाल पुलिस की टीम ने बालफड़च स्थित उसके घर पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी को डिटेन करने के आधार और कारणों की जानकारी देने के साथ ही निरोधक प्राधिकारी के समक्ष आदेश के खिलाफ अभ्यावेदन प्रस्तुत करने के कानूनी अधिकार से भी अवगत करवाया। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे कड़ी सुरक्षा में आदर्श केंद्रीय कारागार कंडा पहुंचाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
