शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रेवाड़ी

Rewari News:मनोज हत्याकांड के दोनों आरोपियों से रिमांड पर होगी पूछताछ, वारदात की साजिश और सहयोगियों का खुलेगा राज – The Two Accused In The Manoj Murder Case Will Be Questioned While On Remand

November 8, 2026


रेवाड़ी। गांव गोकलगढ़ निवासी मनोज उर्फ गोलू हत्याकांड में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए दोनों मुख्य आरोपियों से पुलिस अब रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। शुक्रवार रात पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हुए मनिंदर उर्फ बुटर और हन्नी का सामान्य अस्पताल में इलाज चल रहा है।

स्वस्थ होने के बाद पुलिस उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की कार्रवाई करेगी। पूछताछ के दौरान पुलिस हत्या की पूरी साजिश, वारदात में इस्तेमाल हथियारों और अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास करेगी।

बावल डीएसपी सज्जन सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस निगरानी में उपचाराधीन हैं। पुलिस की प्राथमिकता उनके स्वस्थ होने के बाद पूछताछ शुरू करना है। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि हत्या के बाद दोनों आरोपी कहां छिपे हुए थे और उन्हें किसने पनाह या अन्य सहायता दी थी। इसके अलावा वारदात में शामिल अन्य लोगों और हथियार उपलब्ध करवाने वालों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जाएगी।

दोनों के कब्जे से हथियार बरामद

पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मनिंदर उर्फ बुटर से देसी पिस्टल और हन्नी से देसी कट्टा बरामद किया था। पुलिस यह भी जांच करेगी कि बरामद हथियारों का मनोज हत्याकांड में इस्तेमाल हुआ था या नहीं। घटनास्थल से सीन ऑफ क्राइम टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। मुठभेड़ के संबंध में थाना रामपुरा में अलग से केस दर्ज किया गया है।

तीन युवकों ने बाइक रिपेयरिंग सेंटर पर चलाई थीं गोलियां

गौरतलब है कि बुधवार दोपहर गांव गोकलगढ़ निवासी मनोज बाइक ठीक कराने के लिए रिपेयरिंग सेंटर पर गया था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने उस पर गोलियां चला दी थीं। पेट में गोली लगने से घायल मनोज की निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। उसके पिता सुरेश की शिकायत पर पुलिस ने सात युवकों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी। मनिंदर, महेश और विशाल पर वारदात को अंजाम देने, जबकि अन्य आरोपियों पर साजिश और रेकी में शामिल होने के आरोप हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X