रेवाड़ी। दो दिन तक लगातार हुई बारिश के कारण अनाज मंडी में खुले में रखा बाजरा भीग गया। अब बाजरे के सड़ने से मंडी परिसर में दुर्गंध फैल रही है। इससे मंडी में आने वाले किसानों, श्रमिकों और अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को धूप निकलने की वजह से मंडी में कामकाज सामान्य हो गया।
बारिश के कारण मंडी में रखे बाजरे की बोरियां भीग गई थीं। नमी के चलते बाजरे के खराब होने की आशंका बनी हुई है। श्रमिक बोरियों को पलटकर बाजरे को सुखाने में जुटे रहे। जहां बाजरा अधिक गीला था, वहां उसे बाहर निकालकर फैलाया जा रहा था, ताकि धूप और हवा लगने से नमी दूर हो सके। मौसम साफ होने के बाद मंडी में खरीद और उठान से जुड़े कामकाज ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है।
इधर, बारिश के बाद मौसम साफ होते ही अनाज मंडी में बाजरा बेचने के लिए किसानों की आवाजाही बढ़ गई। शनिवार को मंडी में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतारें लगी रहीं। किसान अपनी उपज की बिक्री और तुलाई के इंतजार में खड़े रहे। बाजरा के लिए लाइन शाम तक लगी रही।
पलट कर सुखाई जा रहीं बाजरे से भरी बोरियां
मंडी में काम कर रहे श्रमिक सुनील कुमार ने बताया कि बारिश के कारण काफी बाजरा भीग गया था। अब बोरियों को पलटकर बाजरे को सुखाया जा रहा है। भीगे बाजरे से दुर्गंध आ रही है। श्रमिक राजू ने बताया कि बाजरा गीला होने के कारण धूप निकलने के बाद अब उसमें से दुर्गंध आने लगी है। इसलिए बोरियों को पलटकर बाजरे को दोबारा सुखाया जा रहा है।