रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सिरमौर

Sirmour News:सिरमौर में संडेज ऑन साइकिल का 100वां आयोजन कल – Sundays On Cycle On 29 Nov

November 28, 2026


हरिपुर मैदान में जुटेंगे साइकिल प्रेमी

-फिट इंडिया मूवमेंट के तहत होगा कार्यक्रम, नशामुक्ति का संदेश भी देंगे युवा

संवाद न्यूज एजेंसी

नाहन (सिरमौर)। फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आगामी 29 नवंबर को जिला के हरिपुर गांव मैदान में ‘संडेज ऑन साइकिल’ का 100वां आयोजन किया जाएगा। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन माय भारत सिरमौर की ओर से किया जाएगा। देशभर के 100 प्रमुख स्थानों पर एक साथ होने वाले इस आयोजन का विषय ‘पेडलिंग टुवर्ड्स इंडियाज ओलंपिक ड्रीम’ रखा गया है।

कार्यक्रम सुबह सात बजे से शुरू होगा। इसमें जिला खेल अधिकारी सिरमौर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इसके अलावा माय भारत सिरमौर के जिला युवा अधिकारी और खेल जगत से जुड़े साइकिल प्रेमी दीपक भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

माय भारत की जिला युवा अधिकारी अमृषा शर्मा ने बताया कि इस दौरान सामूहिक साइकिल रैली के साथ विभिन्न शारीरिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित व्यायाम के प्रति प्रेरित किया जाएगा। साथ ही ओलंपिक के उत्कृष्टता, सम्मान और मैत्री जैसे मूल्यों का संदेश भी दिया जाएगा।

आयोजन को ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान से भी जोड़ा गया है। इसके तहत प्रतिभागी नशामुक्ति की शपथ लेंगे और नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं बेहतर जीवनशैली अपनाने का संदेश देंगे। माय भारत सिरमौर ने युवाओं, साइकिल प्रेमियों और आम नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।——

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X