सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ऋषिकेश

Rishikesh News:अनुबंधित बस हादसे में सात घायल, रोडवेज प्रशासन बेखबर – Seven Injured In Accident Involving Contracted Bus; Roadways Administration Remains Unaware

November 16, 2026


शामली के पास गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई ऋषिकेश डिपो की बस, मंडलीय महाप्रबंधक को खबर नहीं

– मेरठ, ऋषिकेश और हरिद्वार के अस्पतालों में भर्ती हैं घायल यात्री

ऋषिकेश। शामली के पास ऋषिकेश डिपो की अनुबंधित रोडवेज बस दुर्घटनाग्रस्त होने से सात यात्री घायल हो गए, लेकिन घटना के बाद भी रोडवेज के अधिकारियों को हादसे की जानकारी नहीं थी। घायलों को मेरठ, ऋषिकेश और हरिद्वार के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं, घायलों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद ऋषिकेश डिपो का कोई अधिकारी उनका हाल जानने नहीं पहुंचा और न ही उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।

जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश डिपो की अनुबंधित बस संख्या यूके08पीए-2375 शनिवार दोपहर 12 बजे दिल्ली से ऋषिकेश के लिए रवाना हुई थी। अपराह्न करीब 3:10 बजे शामली बाजार के पास बस ने आगे चल रही गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में सात यात्री घायल हो गए। प्रशासन ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खतौली और मेडिकल कॉलेज मेरठ पहुंचाया।

बाद में परिजनों ने कुछ घायलों को ऋषिकेश के निर्मल अस्पताल और हरिद्वार के भूमानंद अस्पताल में भर्ती कराया। निर्मल अस्पताल में शिवाजी नगर निवासी पूनम (42) और उनके पति सुशील (40) का उपचार चल रहा है। सुशील ने बताया कि चालक तेज गति से बस चला रहा था। यात्रियों ने उसे नियंत्रित गति से बस चलाने के लिए कहा, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी।

वहीं, महोबा (उत्तर प्रदेश) निवासी चाहत (17), उनकी बहन शालिनी (22) और मां (55) को हरिद्वार के भूमानंद निकेतन अस्पताल में भर्ती कराया गया। शालिनी ने बताया कि वे तीनों दिल्ली से हरिद्वार घूमने आ रहे थे। उन्होंने भी रोडवेज अधिकारियों के अस्पताल नहीं पहुंचने और किसी तरह की आर्थिक सहायता नहीं मिलने की बात कही। हादसे में घायल दो अन्य यात्रियों का मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।

अधिकारियों को हादसे की जानकारी तक नहीं

मंडलीय महाप्रबंधक (संचालन) देहरादून प्रतीक जैन ने बताया कि उन्हें ऋषिकेश डिपो की अनुबंधित बस के दुर्घटनाग्रस्त होने और यात्रियों के घायल होने की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश डिपो की सहायक महाप्रबंधक से वार्ता कर घायलों का हाल जानने और उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में निर्देश दिए जा रहे हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X