बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ऋषिकेश

Rishikesh News:आठ घंटे में तीन सड़क हादसों ने उजाड़े कई परिवार – Three Road Accidents In Eight Hours Devastated Many Families

November 18, 2026


12 लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल, दिनभर मची रही अफरा-तफरी

ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक सड़क हादसों ने कहर बरपाया। महज आठ घंटे के भीतर तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई। 30 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया। एक के बाद एक हुए हादसों से क्षेत्र में अफरा-तफरी मची रही।

सबसे भीषण हादसा मंगलवार सुबह गूलर के पास हुआ जहां यात्रियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई जबकि 25 लोग घायल हुए। वहीं, फकोट विकासखंड के बांसकाठल गांव में शादी का सामान छोड़कर लौट रहा यूटिलिटी वाहन खाई में जा गिरा। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि सात लोग घायल हो गए। इसके अलावा सोमवार रात शिवपुरी के पास स्कूटी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार जीजा-साले की मौत हो गई। लगातार हुए इन तीन हादसों में कुल 12 लोगों की जान चली गई जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए।

यातायात प्रबंधन पर उठे सवाल

लगातार आठ घंटे के भीतर तीन बड़े सड़क हादसों में 12 लोगों की मौत और 30 से अधिक के घायल होने की घटनाओं ने प्रदेश में यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहाड़ी मार्गों पर तेज रफ्तार, वाहन संचालन की निगरानी और दुर्घटना रोकने के लिए किए जा रहे इंतजामों की प्रभावशीलता पर भी बहस शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यातायात संचालन के लिए प्रभारी और सख्त नीति की आवश्यकता है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X