Rishikesh News:वैकुंठ चतुर्दशी पर त्रिवेणी घाट गंगा तट पर हुआ दीपदान – ‘deepdaan’ (offering Of Lamps) Took Place At Triveni Ghat On The Banks Of The Ganges On Vaikuntha Chaturdashi
ऋषिकेश। वैकुंठ चतुर्दशी पर त्रिवेणी गंगा घाट पर शाम होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। गंगा तट पर श्रद्धालुओं ने दीपदान कर भगवान शिव और भगवान विष्णु की आराधना की। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने सामूहिक रूप से गंगा तट पर पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
संध्याकाल में गंगा तट पर दीपों की रोशनी से वातावरण भक्तिमय हो गया। पंडित वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि वैकुंठ चतुर्दशी को भगवान शिव और भगवान विष्णु के मिलन का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन भगवान शिव ने भगवान विष्णु को सुदर्शन चक्र प्रदान किया था। इस दिन शिव और विष्णु दोनों की संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना करने का विशेष महत्व है। मान्यता है कि वैकुंठ चतुर्दशी पर व्रत और पूजन करने से मोक्ष, सुख और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है। इस दिन भगवान शिव को तुलसी और भगवान विष्णु को बेलपत्र अर्पित करने की भी परंपरा है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालु एक दीपक में 365 बत्तियां जलाकर दीपदान करते हैं। संध्याकाल में किया गया दीपदान विशेष फलदायी माना जाता है। इससे भगवान शिव,भगवान विष्णु के साथ पितरों का आशीर्वाद प्राप्त होने की मान्यता है।
