सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रोहतक

Rohtak News:गीतों से न्योता दे व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, जयघोष से गूंजे घाट – Accompanied By Devotional Songs, While The Riverbanks

November 16, 2026


रोहतक। महापर्व छठ पर रविवार को संध्या अर्घ्य के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। दिल्ली रोड स्थित भालौठ सब ब्रांच के घाट पर छठव्रतियों ने सूर्योपासना की और डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। घाट पर दोपहर बाद से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी जो शाम तक बनी रही।

महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में सज-धजकर पूजा की और गीत गाकर छठी मैया की आरती उतारी। केलवा के पात पे नेवता भेजावली, छठी मैया जैसे गीत गूंजते रहे। ठेकुआ, फल और अन्य प्रसाद के साथ छठव्रतियों ने नहर के किनारे पूजा-अर्चना की। डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान पूरा घाट छठी मैया के जयकारों से गूंज उठा। ढोल-नगाड़ों के बीच श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रूप से संध्या अर्घ्य दिया।

छठव्रती शनिवार शाम से ही निर्जला व्रत पर हैं। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर वे व्रत का पारण करेंगे जिसके साथ महापर्व पूरा होगा। इसके बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा।

प्रशासन और सिंचाई विभाग की ओर से घाटों पर सफाई, सुरक्षा और पानी की व्यवस्था की गई थी। पुलिस की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नहर में 400 क्यूसिक पानी छोड़ा गया था। पूर्वांचल एकता सेवा समिति और पूर्वांचल जन कल्याण सेवा संस्था की ओर से अपने-अपने मंच अलग बनाए गए। घाट पर फुटकर दुकानें भी लगाई गईं।

——————–

गोकर्ण तीर्थ पर श्रद्धालुओं ने मनाया छठ पर्व

भालौठ सब ब्रांच नहर पर छठ घाट के अलावा गोकर्ण तीर्थ स्थित तालाब पर भी श्रद्धालुओं ने पर्व मनाया। गोकर्ण तीर्थ पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और सूर्योपासना की। वहां भी छठ घाट पर विशेष इंतजाम किए गए थे।

—————

दंडवत होकर घाट पर पहुंचे श्रद्धालु

छठ महापर्व के प्रति श्रद्धालुओं के आस्था प्रकट करने के अलग-अलग रूप भी देखने को मिले। दिल्ली रोड स्थित नगर के घाट पर कुछ महिला व पुरुष श्रद्धालु दंडवत होकर पहुंचे। कोई 200 तो कोई 500 मीटर दूर से दंडवत होकर आए। जनता कॉलोनी निवासी पूनम, कच्चा बेरी रोड निवासी राजेश व निरंजन भी दंडवत होकर घाट पर पहुंचे।

—————

घाट के बाहर जाम की स्थिति

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते नहर के घाट के बाहर दिल्ली रोड पर जाम की स्थिति बनी रही। करीब आधा घंटे तक जाम की स्थिति बनती रही हालांकि यातायात सुचारू रखने के लिए पुलिस की ओर से प्रयास किए गए। पुलिस की ओर से दिल्ली बाईपास व बाबा मस्तनाथ मठ के निकट नाके भी लगाए गए।

सुरक्षा के लिए घाट पर पुलिस तैनात

श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर रखते हुए नहर पर बनाए घाट पर 100 से अधिक पुलिस कर्मी सुरक्षा में तैनात रहे। सड़क के लेकर घाट व पुल तक भी सुरक्षा कर्मी लगाए गए। वहीं, घाट को लाइटों से सजाया गया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X