रोहतक:नेकीराम कॉलेज के ओपन ऑडिटोरियम में छात्राओं के दो गुट भिड़े, जमकर मारपीट और गाली-गलौज – Two Groups Of Female Students Clashed At The Open Auditorium Of Neki Ram College In Rohtak
नेकीराम कॉलेज में शुक्रवार दोपहर छात्राओं के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। कॉलेज के ओपन ऑडिटोरियम में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। दोनों पक्षों की छात्राओं के बीच गाली-गलौज हुई और एक-दूसरे के बाल खींचते हुए धक्का-मुक्की की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें 10 से 12 छात्राएं आपस में भिड़ती नजर आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि विवाद बीए और एमए की छात्राओं के बीच हुआ। ओपन ऑडिटोरियम में छात्राओं के बीच झगड़ा बढ़ता देख कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद विद्यार्थी भी मौके पर एकत्रित हो गए। इसी दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दोनों पक्षों से लिखित में लिया, दोबारा ऐसी हरकत पर दी चेतावनी
मामले की सूचना मिलने पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र सांगवान खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्राओं को शांत कराया और दोनों पक्षों को अनुशासन में रहने की हिदायत दी। दोनों पक्षों की छात्राओं को समझाया गया है और उनसे लिखित में लिया गया है कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होगी। दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया है।
स्टूडेंट्स ग्रीवांस सेल ने की जांच
प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र सांगवान ने बताया कि मामले को स्टूडेंट्स ग्रीवांस सेल के पास भेज दिया गया था। सेल ने पूरे मामले की जांच की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कॉलेज में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोबारा इस तरह की घटना होने पर संबंधित छात्राओं को कॉलेज से निष्कासित करने सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी।
