Roorkee News:आधुनिक शिक्षा के मंदिर में रसोई आज भी पुराने दौर की – In The Temples Of Modern Education, Kitchens Remain Stuck In A Bygone Era
राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर 12 और 14 में गैस कनेक्शन नहीं होने से चूल्हे पर पक रहा मिड डे मील
दमा से पीड़ित भोजन माता ने चूल्हे पर खाना बनाने से जताई असमर्थता
धुएं के बीच खाना बनाने को मजबूर भोजन माताएं, दमा से पीड़ित भोजन माता ने जताई असमर्थता
रुड़की। आधुनिक दौर में भी सरकारी स्कूलों की रसोई लकड़ी और चूल्हे के सहारे चल रही है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर 12 और 14 में अब तक गैस कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है। ऐसे में बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) तैयार करने वाली भोजन माताओं को धुएं के बीच खाना बनाना पड़ रहा है। इससे उन्हें आंखों में जलन और सांस संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक भोजन माता के दमा से पीड़ित होने और चूल्हे पर खाना बनाने में असमर्थता जताने से स्कूलों में भोजन व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी पैदा हो गई है।
दरअसल, सरकारी विद्यालयों में बच्चों के लिए प्रतिदिन मध्याह्न भोजन तैयार किया जाता है। इसके लिए भोजन माताएं सुबह से ही रसोई के काम में जुट जाती हैं। लेकिन दोनों विद्यालयों में गैस कनेक्शन नहीं होने के कारण उन्हें लकड़ी और अन्य ईंधन से चूल्हे पर खाना बनाना पड़ रहा है। चूल्हे से निकलने वाला धुआं उनके लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। भोजन माताओं का कहना है कि चूल्हे पर खाना बनाने में अधिक समय और मेहनत लगती है। साथ ही धुएं के कारण आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत होती है।
एक शिक्षिका ने बताया कि विद्यालय में कार्यरत एक भोजन माता दमा की बीमारी से पीड़ित हैं। उन्होंने धुएं के बीच चूल्हे पर खाना बनाने में असमर्थता जताते हुए आगे ऐसा नहीं कर पाने की बात कही है। ऐसे में बच्चों के लिए प्रतिदिन भोजन तैयार करने की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
विद्यालयों की शिक्षिकाओं की ओर से गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए कई बार विभाग को लिखित पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इस संबंध में बीईओ आकांक्षा राठौर ने बताया कि गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विद्यालयों की सूची विभाग को भेजी जा चुकी है। जल्द ही स्कूलों को गैस कनेक्शन मिलने की उम्मीद है।
