शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रुड़की

Roorkee News:मानकों की अनदेखी पर छह ऑपरेशन थिएटर सील, निजी अस्पतालों में स्वास्थ्य विभाग ने मारे छापे – Six Operation Theatres Sealed For Flouting Standards; Health Department Conducts Raids On Private Hospitals

November 20, 2026


एसीएमओ डॉ. रमेश कुंवर ने टीम के साथ मंगलौर में किया औचक निरीक्षण, ऑपरेशन थिएटरों में मिलीं गंभीर अनियमितताएं

योग्य चिकित्सकों की अनुपस्थिति और अप्रशिक्षित स्टाफ से उपचार की शिकायतें भी आईं सामने

50-50 हजार का जुर्माना भी लगाया गया है

मंगलौर। कस्बे में नियमों को ताक पर रखकर संचालित किए जा रहे निजी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को बड़ी कार्रवाई की। एसीएमओ डॉ. रमेश कुंवर ने विभागीय टीम के साथ विभिन्न निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ऑपरेशन थिएटरों में निर्धारित मानकों की अनदेखी और गंभीर अनियमितताएं मिलने पर छह ऑपरेशन थिएटरों को सील कर दिया गया। इसके साथ ही 50-50 हजार का जुर्माना भी लगाया गया है। वहीं, योग्य चिकित्सकों की अनुपस्थिति और अप्रशिक्षित स्टाफ के माध्यम से मरीजों का उपचार किए जाने की शिकायतें भी सामने आईं। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मचा रहा।

बृहस्पतिवार को एसीएमओ डॉ. रमेश कुंवर टीम के साथ मंगलौर पहुंचे और निजी अस्पतालों की व्यवस्थाओं की जांच शुरू की। निरीक्षण के दौरान टीम ने ऑपरेशन थिएटरों में स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता का जायजा लिया। जांच में कई अस्पतालों के ऑपरेशन थिएटर निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। गंभीर खामियां मिलने पर टीम ने छह ऑपरेशन थिएटरों को सील कर दिया।

इसके अलावा कुछ अस्पतालों में योग्य चिकित्सकों के मौजूद नहीं होने और अप्रशिक्षित स्टाफ के जरिए मरीजों का उपचार किए जाने की शिकायतें भी मिलीं। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल संचालकों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही नियमों की अनदेखी जारी रहने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

निरीक्षण के दौरान टीम को यह भी पता चला कि कस्बे में कुछ निजी अस्पताल आवासीय भवनों के निचले हिस्सों में संचालित हो रहे हैं। नियमों के विपरीत संचालित इन अस्पतालों के खिलाफ भी सीलिंग की तैयारी की गई लेकिन आवासीय परिसर होने के कारण भवन संबंधी और तकनीकी अड़चनें सामने आ गईं। इसके चलते टीम इन अस्पतालों को सील नहीं कर सकी।

———————

निजी अस्पतालों में मानकों की अनदेखी कर संचालित छह अस्पतालों के ऑपरेशन थिएटर को सील किया गया है। आवासीय भवनों में चल रहे अस्पतालों पर भी कार्रवाई की जा रही है। – डॉ. रमेश कुंवर, एसीएमओ

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X