बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रुड़की

Roorkee News:एक महीने में शिफ्ट होगा रुड़की परिवहन कार्यालय, आरटीओ ने परखा भवन – Roorkee Transport Office To Be Shifted In A Month, Rto Inspected The Building

November 18, 2026


आरटीओ प्रशासन ने किया नवनिर्मित भवन और सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण

पंजीयन, लाइसेंस और प्रवर्तन शाखा में बनेंगे वर्क स्टेशन, नेटवर्किंग का काम जल्द होगा पूरा

नगर के नवनिर्मित परिवहन कार्यालय भवन में अब जल्द ही सरकारी कामकाज शुरू होने की उम्मीद है। मंगलवार को आरटीओ प्रशासन देहरादून संभाग संदीप सैनी ने नए भवन और वहां तक बनाई जा रही अप्रोच रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निविदा और निर्धारित मानकों के अनुसार समय से पूरा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान संदीप सैनी ने बताया कि करीब तीन साल से तैयार भवन में रंगाई-पुताई और साफ-सफाई का काम कराया जाएगा। इसके बाद लगभग एक महीने के भीतर परिवहन कार्यालय को नए भवन में शिफ्ट करने की तैयारी है। उन्होंने एआरटीओ प्रशासन जितेंद्र चंद बहादुर को निर्देश दिए कि नए भवन में पंजीयन, लाइसेंस और प्रवर्तन शाखा के लिए अलग-अलग वर्क स्टेशन तैयार किए जाएं। साथ ही नेटवर्किंग का काम जल्द पूरा कर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि नए कार्यालय का लोकार्पण कर वहां से कामकाज शुरू किया जा सके। उन्होंने बताया कि पूर्व में डीपीआर के अनुसार भवन में फायर फाइटिंग सिस्टम नहीं लगाया गया था। अब अधिकारियों के निर्देश पर कार्यदायी संस्था से यह व्यवस्था भी पूरी करा ली गई है। संदीप सैनी ने मौजूदा एआरटीओ कार्यालय का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनके कार्य सुगमता से किए जाए। इस दौरान एआरटीओ (प्रशासन) जितेंद्र चंद, एआरटीओ प्रवर्तन कृष्ण चंद्र पलड़िया, हरीश रावल और पीडब्ल्यूडी सहित परिवहन कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X