शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रुड़की

Roorkee News:हाईटेंशन विद्युत लाइन के फाल्ट की चिंगारी से गन्ने की 30 बीघा फसल जली – A Fault In A High-tension Power Line Burned 30 Bighas Of Sugarcane Crop

November 12, 2026


किसानों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए खानपुर कोतवाली में दी तहरीर

खेतों के ऊपर झूल रहे बिजली के तारों को दुरुस्त नहीं करना किसानों को भारी पड़ गया। हाईटेंशन लाइन के तार आपस में टकराने से निकली चिंगारी से गन्ने के खेतों में आग लग गई। आग की चपेट में आकर लगभग 30 बीघा गन्ने की खड़ी फसल जलकर नष्ट हो गई। घटना से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। किसानों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए खानपुर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।

खानपुर क्षेत्र के प्रहलादपुर गांव के किसानों की जमीन मदारपुर के जंगल में है। किसान धीरजपाल, मनोज, सुदेशना, मोहकम,धीर सिंह और अन्य किसानों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तार काफी समय से ढीले होकर नीचे लटक रहे थे। तारों को ठीक कराने के लिए कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायत दी गई लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

किसानों के अनुसार, 11 नवंबर को दोपहर करीब 1:20 बजे बिजली के तार आपस में टकरा गए। इससे निकली चिंगारी गन्ने की फसल पर गिर गई और देखते ही देखते आग ने आसपास के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। अग्निकांड में करीब 30 बीघा गन्ने की फसल जल गई। किसानों ने पूरे मामले की जांच कराकर बिजली विभाग के जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। खानपुर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X