Rudraprayag News:ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा के साथ शीतकालीन यात्रा शुरू – Winter Pilgrimage Begins With Prayers At Omkareshwar Temple
रावल गद्दीस्थल, ऊषा-अनिरुद्ध विवाह स्थल एवं चंडिका मंदिर के जीर्णोद्धार की डीपीआर तैयार : हेमंत द्विवेदी
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊखीमठ। भगवान मद्महेश्वर की शीतकालीन पूजा-अर्चना शुरू होने के साथ ही पंचकेदार गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में शुक्रवार से शीतकालीन यात्रा विधिवत शुरू हो गई है। मंदिर समिति ने शीतकालीन यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू करने के साथ ही वृहद कार्ययोजना तैयार की है। अब यहां एक साथ बाबा केदार और मद्महेश्वर के दर्शन हो सकेंगे।
भगवान मद्महेश्वर की चल उत्सव विग्रह डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने के साथ ही शीतकालीन यात्रा शुरू हो गई है। इससे पूर्व 13 नवंबर को केदारनाथ की पंचमुखी चल उत्सव विग्रह डोली भी शीतकालीन पूजा-अर्चना के लिए ओंकारेश्वर मंदिर पहुंच चुकी है। ऐसे में श्रद्धालुओं को एक ही परिसर में भगवान केदारनाथ एवं द्वितीय केदार मद्महेश्वर के दर्शन प्राप्त होगे। वहीं तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के शीतकालीन दर्शन एवं पूजा-अर्चना मर्कटेश्वर मंदिर मक्कूमठ में होगी।
मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि जो श्रद्धालु किसी कारणवश ग्रीष्मकाल में धामों के दर्शन नहीं कर पाए वे शीतकालीन गद्दीस्थलों पर पहुंचकर भगवान के दर्शन कर सकते हैं। इसके लिए मंदिर समिति की ओर से व्यापक स्तर पर पूजा-अर्चना की व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने बताया कि शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में कोठा भवन के प्रथम चरण का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके तहत पंचकेदार लिंग दर्शन, ईशानेश्वर महादेव एवं भोग मंडी को स्थापित कर दिया गया है। शीतकाल में मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर का नया स्वरूप देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस शीतकाल के दौरान ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में द्वितीय चरण के निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य भी शुरू किए जाएंगे। इसके तहत रावल गद्दीस्थल, ऊषा-अनिरुद्ध विवाह स्थल एवं चंडिका मंदिर का जीर्णोद्धार प्रस्तावित है। इसके लिए कार्ययोजना तैयार करने के साथ ही डीपीआर भी तैयार कर दी गई है। वहीं, मंदिर मार्ग के चौड़ीकरण के लिए प्रशासनिक स्तर पर संशोधित इस्टीमेट तैयार कर शासन को भेज दिया गया है।
