Rudraprayag News:बैकुंठ मेले में मांगल, जागर और झुमेलो से संस्कृति के रंग बिखेरेंगी महिलाएं – Women Will Showcase The Vibrant Colors Of Their Culture Through Mangal, Jagar, And Jhumelo At The Baikunth Mela
निरंजनी कीर्तन मंडली की 20 सदस्य तैयारी में जुटी, पारंपरिक वेशभूषा पर फैशन शो भी होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी मेले में इस बार गढ़वाल की लोकसंस्कृति और परंपराओं की और बेहतरीन झलक देखने को मिलेगी। श्रीनगर की निरंजनी कीर्तन मंडली की महिलाएं मेले में मांगल गीत, झुमेलो और जागर की प्रस्तुतियां देंगी। इसके साथ ही उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों पर आधारित फैशन शो में भी वह प्रतिभाग करेंगी।
करीब दस साल पहले शुरू हुई मंडली पहले केवल कीर्तन करती थी। बाद में महिलाओं ने गढ़वाल की विलुप्त होती मांगल परंपरा को भी अपने कार्यक्रमों में शामिल किया। अब मंडली की 20 महिलाएं मेले की तैयारियों में जुटी हैं। महिलाओं की रुचि और प्रतिभा के अनुसार उन्हें अलग-अलग प्रस्तुतियों के लिए तैयार किया जा रहा है। मंडली की सदस्य सुकीर्ति गौड़ ने बताया कि इस बार मांगल गीतों के साथ झुमेलो और जागर की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। फैशन शो के माध्यम से उत्तराखंड की पारंपरिक पोशाक और आभूषणों को प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी भी अपनी संस्कृति और पहनावे से परिचित हो सके। मंडली का उद्देश्य लोकगीतों और पारंपरिक वेशभूषा के माध्यम से गढ़वाल की सांस्कृतिक विरासत को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
