Rudraprayag News:40,781 किसानों को मिल रही आर्थिक मदद – 40,781 Farmers Are Receiving Financial Assistance
रुद्रप्रयाग। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के 40,781 किसानों को आर्थिक सहायता मिल रही है। योजना में पात्र किसानों को हर साल छह हजार रुपये दिए जाते हैं। यह राशि दो-दो हजार रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे बैंक खातों में भेजी जाती है। किसान इस धनराशि का उपयोग खेती के लिए जरूरी सामान खरीदने में कर रहे हैं। मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट ने बताया कि जिले में 40 हजार से अधिक किसान योजना का लाभ ले रहे हैं। सम्मान निधि से किसान बीज, खाद, कीटनाशक और अन्य कृषि सामग्री खरीद रहे हैं। इससे बुवाई, फसल की देखभाल और दूसरे कृषि कार्यों के दौरान होने वाले खर्चों को पूरा करने में मदद मिल रही है। खासकर छोटे और सीमांत किसानों को इससे राहत मिलती है। उन्होंने बताया कि खेती में समय-समय पर खाद, बीज और अन्य जरूरी संसाधनों की जरूरत पड़ती है। ऐसे में योजना के तहत मिलने वाली राशि किसानों के काम आती है। इससे उन्हें कृषि कार्यों के लिए जरूरी सामान जुटाने में कुछ आर्थिक सहारा मिलता है।
