रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सहारनपुर

Saharanpur News:ओवैसी आज जिले में, सांसद चंद्रशेखर के साथ लंच पर होगा सियासी मंथन – Owaisi In The District Today; Political Deliberations To Take Place Over Lunch With Mp Chandrashekhar

November 21, 2026


सहारनपुर। आसपा (कांशीराम) और एआईएमआईएम के बीच गठबंधन की घोषणा के बाद पश्चिमी यूपी की सियासत में नई हलचल शुरू हो गई है। एआईएमआईएम प्रमुख एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी शनिवार को जिले के दौरे पर पहुंचेंगे। नगीना सांसद और आसपा प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के आवास पर लंच भी करेंगे। दोनों नेताओं का यह दौरा केवल एक औपचारिक मुलाकात तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसके राजनीतिक संदेश और आगामी चुनावों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद पार्टी पदाधिकारियों के साथ सबसे पहले कलक्ट्रेट परिसर पहुंचेंगे। यहां दोनों नेता मस्जिद प्रकरण को लेकर जिलाधिकारी से मुलाकात करेंगे। इस दौरान प्रकरण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर प्रशासन के सामने अपना पक्ष रखेंगे। दोनों नेताओं का एक मंच पर आकर किसी स्थानीय मुद्दे को उठाना गठबंधन की साझा राजनीतिक सक्रियता का संकेत भी माना जा रहा है। इससे यह संदेश देने की कोशिश होगी कि गठबंधन केवल चुनावी समझौता नहीं, बल्कि जनहित और स्थानीय मुद्दों पर भी दोनों दल साथ खड़े हैं।

इसके बाद ओवैसी छुटमलपुर स्थित हरिजन कॉलोनी की गली नंबर-दो में चंद्रशेखर आजाद के आवास पर पहुंचेंगे। यहां दोनों साथ में दोपहर का भोजन करेंगे। गठबंधन की घोषणा के बाद दोनों नेताओं का इस तरह साथ समय बिताना राजनीतिक दृष्टि से खास मायने रखता है। सियासी गलियारों में इस लंच को आपसी विश्वास, व्यक्तिगत नजदीकी और गठबंधन के भीतर बेहतर समन्वय के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, एआईएमआईएम के प्रदेश सचिव साजिद शाह ने बताया कि लंच के बाद छुटमलपुर स्थित बड़ा मदरसा पहुंचेंगे, जहां नमाज अदा करेंगे। इसके बाद चंद्रशेखर आजाद के आवास पर लौटकर कुछ देर विश्राम करेंगे और फिर दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

दलित-मुस्लिम समीकरण को साधने की रणनीति

इस दौरे का सबसे अहम राजनीतिक पहलू दलित-मुस्लिम एकजुटता का संदेश है। चंद्रशेखर आजाद की पहचान दलित राजनीति के मुखर चेहरे के रूप में है, जबकि असदुद्दीन ओवैसी मुस्लिम समाज से जुड़े मुद्दों पर अपनी राजनीतिक सक्रियता के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में दोनों नेताओं का एक साथ आना इन दोनों सामाजिक वर्गों के बीच राजनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की कोशिश रहेगी। यदि दोनों दल अपने-अपने समर्थक वर्गों के बीच प्रभावी तालमेल बना पाते हैं, तो पश्चिमी यूपी सहित प्रदेश की कई सीटों पर नए सियासी समीकरण उभर सकते हैं।

आसपा कार्यकर्ता करेंगे स्वागत

आजाद समाज पार्टी के विधिक सलाहकार एडवोकेट संदीप कांबोज ने बताया कि दोपहर बाद एक बजे सांसद चंद्रशेखर आजाद के साथ एआईएमआईएम प्रमुख छुटमलपुर पहुंचेंगे। यहां ज्योति किरण तिराहे पर आसपा और भीम आर्मी कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X