रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मुज़फ़्फ़रनगर

Muzaffarnagar News:ग्रीन हॉस्पिटल के चिकित्सकों के विरुद्ध जांच – Investigation Against Doctors At Green Hospital

November 21, 2026


मुजफ्फरनगर। उपचार के दौरान हुई बच्चे की मौत के मामले में पुलिस ने भी बुढ़ाना के ग्रीन हॉस्पिटल के चिकित्सकों की जांच शुरू कर दी है। सीओ बुढ़ाना कार्यालय में मृतक बच्चे के पिता के बयान दर्ज कराए गए। सीएमओ के निर्देश पर गठित मेडिकल बोर्ड की ओर से बयान के लिए हॉस्पिटल के चिकित्सकों को बुलाया गया है।

18 सितंबर को बुढ़ाना के ग्रीन हॉस्पिटल में शामली निवासी मनु पुंडीर के डेढ़ वर्षीय पुत्र आदित्य को उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान बच्चे की मौत पर परिजनों ने चिकित्सकों पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था।

हिंदू संघर्ष समिति की ओर से 12 अक्तूबर को सीएमओ कार्यालय पर धरना देकर हॉस्पिटल सील करने की मांग उठाई गई थी। जिसके बाद सीएमओ के निर्देश पर हॉस्पिटल सील कर जांच के लिए एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार की अध्यक्षता में मेडिकल बोर्ड का गठन हुआ था। मेडिकल बोर्ड की जांच रिपोर्ट में हॉस्पिटल को क्लीन चिट मिलने के बाद सील खोल दी गई लेकिन मृतक बच्चे के पिता की शिकायत पर सीएमओ ने एसीएमओ डॉ.दिव्या वर्मा की अध्यक्षता में नए मेडिकल बोर्ड का गठन कर फिर से जांच के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि उक्त मामले में हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ.अबुबकर और डॉ.निहारिका को बयान के लिए शनिवार को कार्यालय में तलब किया गया है।

—

हॉस्पिटल की सीसीटीवी फुटेज रिकवर करने की मांग

एसएसपी से की गई शिकायत में बच्चे के पिता मनु पुंडीर ने हॉस्पिटल संचालक पर आरोप लगाया था कि उसके पुत्र के भर्ती रहने के दौरान 17 से 26 सितंबर तक का सीसीटीवी फुटेज गायब कर दिया गया। बयान में वह अपने आरोप पर कायम रहे और मांग रखी कि सीसीटीवी फुटेज रिकवर कराकर उनका अवलोकन किया जाए। बालक का शव जमीन से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की मांग भी दोहराई गई।

–

वर्जन

शिकायत के आधार पर बयान लिए गए हैं। पोस्टमार्टम की मांग की गई है। जिस पर अंतिम रूप से डीएम को संज्ञान लेना है। शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किये गए हैं। तथ्यों की जांच जारी है।

– गजेंद्र पाल सिंह, सीओ बुढ़ाना

——–

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X