बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सहारनपुर

Saharanpur News:ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे घुसी बाइक, युवक की मौत, भाई घायल – Motorcycle Slides Under Tractor-trolley; One Youth Killed, His Brother Injured

November 18, 2026


नकुड़(सहारनपुर)। कोतवाली क्षेत्र के गांव रनियाला निवासी बाइक सवार रितिक (25) की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक के परिजन बगैर पुलिस को सूचना दिए अस्पताल से शव को लेकर चले गए।

मंगलवार देर रात करीब नौ बजे गांव रनियाला निवासी रितिक अपने बड़े भाई प्रिंस के साथ रामपुर से घर की ओर आ रहा था। इस्लामनगर-अंबेहटा रोड पर गांव दैदपुरा के पास रितिक की बाइक सड़क पर गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर पीछे से उसके नीचे घुस गई। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर गांव दैदपुरा निवासी विनय मौके पर पहुंचा और घायलों को राहगीरों की मदद से बाहर निकाला। विनय ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी भिजवा दिया।

वहां पर इलाज के दौरान रितिक ने दम तोड़ दिया, जबकि घायल प्रिंस की हालत में अब सुधार है। विनय ने बताया कि दोनों भाई रामपुर में कपड़े की दुकान करते हैं। रितिक के पिता ओमकार शामली जनपद के गांव भूरा कंडेला से करीब तीन वर्ष पहले गांव रनियाला में आकर बस गए थे और यहीं पर खेती-किसानी करते हैं। रितिक की करीब डेढ़ वर्ष पहले शादी हुई थी। सीओ जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजन अस्पताल से बिना पुलिस को सूचना दिए शव को लेकर चले गए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X