गभाना (अलीगढ़)। हाईवे पर पचपेड़ा के पास रोडवेज बस में ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बस की दो सवारियां घायल हो गईं। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक शशि कुमार ने बताया कि मंगलवार की देर रात करीब 11:30 बजे हादसा हुआ। एटा से सवारियां लेकर एटा डिपो की बस दिल्ली जा रही थी। हाईवे पर पचपेड़ा के पास किसी वाहन को बचाने की कोशिश में बस के चालक ने अचानक से ब्रेक लिया जिससे पीछे से आ रहा ट्रक बस से टकरा गया।
हादसे में बस में सवार फर्रुखाबाद के कमालगंज निवासी गुलजार और शिव घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने एंबुलेंस के जरिये घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। संवाद