रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सहारनपुर

Saharanpur News:दो सड़क हादसों में बच्ची और अधेड़ की मौत, पांच घायल – Girl And Middle-aged Person Killed, Five Injured In Two Road Accidents

November 23, 2026


नानौता। क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में खाताखेड़ी सहारनपुर निवासी अनाया (6)पुत्री शमशाद और कचराई निवासी सतीश (55) की मौत हो गई। जबकि एक बच्ची सहित पांच लोग घायल हो गए जिनमें से दो को गंभीर होने पर नानौता सीएचसी से जिला अस्पताल भेजा गया है। सूचना पर पहंची पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेते हुए आगे की कार्रवाई की।

पहला हादसा नानौता और रामपुर मनिहारान के बीच हुआ। सहारनपुर के खाताखेडी निवासी शमशाद रविवार को अपनी पत्नी शीबा, छह वर्षीय बेटी अनाया और दूसरी बेटी के साथ बाइक से नानौता अपने रिश्तेदार के यहां आए थे। शाम सात बजे शमशाद अपनी बाइक से वापस सहारनपुर जा रहे थे। नानौता और रामपुर के बीच सामने अचानक विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आ रही लकड़ी से लदी ट्रैक्टर ट्राॅली ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सभी लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को नानौता सीएचसी पहुंचाया जहां पर चिकित्सकों ने अनाया को मृत घोषित कर दिया। जबकि शमशाद उसकी पत्नी शीबा व दूसरी बेटी को उपचार कर छुट्टी दे दी। हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर ट्राॅली लेकर मौके से भाग गया।

दूसरे हादसे में रविवार रात आठ बजे कचराई गांव निवासी सतीश कुमार साइकिल से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक बाइक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में सतीश कुमार और बाइक सवार सावन तथा नितिन निवासी कटड़ापुर थाना बड़गांव घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने सतीश कुमार (55) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल सावन को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीओ शैलेंद्र प्रताप गौतम ने बताया कि अभी किसी भी मृतक के परिजनों की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X