Saharanpur News:दो साल के बाद वालों का नहीं बन रहा जन्म प्रमाणपत्र, भटक रहे नागरिक – Birth Certificates Are Not Being Issued For Those Over Two Years Of Age; Citizens Are Left Running From Pillar To Post
सहारनपुर। महानगर के वार्ड नंबर आठ निवासी विकास अंडर-16 क्रिकेटर हैं, जिन्हें जन्म प्रमाण पत्र की जरूरत है। 2012 में पैदा हुए विकास 27 जुलाई 2026 से जन्म प्रमाण पत्र के लिए नगर निगम और जोनल कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। उनको प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कोर्ट जाने की बात कही गई है। प्रक्रिया से अनभिज्ञ विकास को कोई रास्ता नहीं सूझ रहा है। इसकी वजह से वह संकट में हैं। यह परेशानी केवल विकास की ही नहीं, बल्कि हर उस व्यक्ति की है, जो पैदा होने के दो वर्ष बाद प्रमाण पत्र बनवाना चाह रहा है।
एक अक्तूबर 2026 से लागू हुए नए प्रावधानों के तहत दो वर्ष से अधिक देरी होने पर प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट/न्यायालय के आदेश के आधार पर पंजीकरण किया जाना है, जबकि दो साल के भीतर के मामलों में डीएम और एसडीएम के आदेश का प्रावधान किया गया है। जोनल कार्यालयों से जानकारी मिली है कि जन्म प्रमाण पत्र के लिए न्यायालय में अभी तक कोई विंडो आदि नहीं बनी है। ऐसे में दो वर्ष के बाद वालों को परेशानी उठानी पड़ रही है। तीनों जोनल ऑफिस में प्रतिदिन 10 से 15 लोग जन्म के दो वर्ष बाद वाले पहुंच रहे हैं। एक अनुमान के अनुसार इनकी संख्या चार हजार से अधिक है। इनमें ज्यादातर खिलाड़ी, छात्र और वह लोग हैं, जिनको किसी काम के लिए जन्म प्रमाण पत्र की जरूरत है।
दफ्तर कर्मचारियों से खाली
नगर निगम के ज्यादातर कर्मचारियों की ड्यूटी जनगणना में लगी है। इसकी वजह से तीनों जोनल ऑफिसों से कर्मचारी नदारद हैं। नुमाइश कैंप स्थित कार्यालय में बुधवार को केवल एक कर्मचारी तैनात रहा। बाहर बैठा सुरक्षा गार्ड काम के लिए आने वाले लोगों को समझाता नजर आया। नगर निगम के गृहकर एवं जलकर अनुभाग से भी ज्यादातर कर्मचारी गायब रहे। कार्यालय में मौजूद मिले कर अधीक्षक सुधीर शर्मा ने बताया कि कर्मचारी जनगणना में लगे हैं।
दो वर्ष के बाद वालों के जन्म प्रमाण पत्र प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट के स्तर से बनने हैं। इसकी प्रक्रिया क्या रहेगी यह अभी तक साफ नहीं है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते हैं। उन्हें यही सलाह दी जा रही है कि किसी अधिवक्ता से संपर्क कर लें।
श्रुति माहेश्वरी, जोनल प्रभारी/कर निर्धारण अधिकारी, नगर निगम।
