रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सहारनपुर

Saharanpur News:सहारनपुर में 100 साल पुरानी मस्जिद गिराने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट जाने को कहा – In The Case Involving The Demolition Of A 100-year-old Mosque In Saharanpur, The Supreme Court Has Directed The Parties To Approach The High Court

November 24, 2026


नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में करीब 100 साल पुरानी मस्जिद को कथित तौर पर गिराए जाने के मामले में याचिकाकर्ता को इलाहाबाद हाईकोर्ट जाने को कहा है। याचिका में आरोप लगाया गया था कि मस्जिद को गिराने की कार्रवाई शीर्ष अदालत के 2024 के उस फैसले में तय बुलडोजर कार्रवाई संबंधी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है।

सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत की पीठ इमरान अहमद की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। याचिका में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन नहीं कराने का आरोप लगाया गया था। पीठ ने मामले के तथ्यों की सीधे जांच करने से इन्कार करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हर उल्लंघन सीधे शीर्ष अदालत में नहीं लाया जा सकता। सीजेआई ने कहा, सुप्रीम कोर्ट के फैसले का उल्लंघन करने वाला हर आदेश वापस सुप्रीम कोर्ट नहीं आ सकता। आपको संबंधित हाईकोर्ट जाना होगा। पीठ ने कहा कि यह तय करने के लिए कि बुलडोजर कार्रवाई संबंधी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन हुआ है या नहीं, संबंधित घटनाक्रम और परिस्थितियों की जांच जरूरी है।

यह काम क्षेत्राधिकार वाले हाईकोर्ट के लिए अधिक उपयुक्त है। सीजेआई ने कहा कि याचिकाकर्ता पहले हाईकोर्ट में तथ्यों के आधार पर अपना मामला रखे। यदि वहां राहत नहीं मिलती है तो वह सुप्रीम कोर्ट आ सकता है। हालांकि, पीठ ने स्पष्ट किया कि यदि हाईकोर्ट जांच के बाद सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन पाता है तो उसके अनुरूप कार्रवाई की जाएगी। अदालत ने हाईकोर्ट से मामले का शीघ्र निपटारा करने को भी कहा। याचिका अधिवक्ता आफताब अली खान के माध्यम से दाखिल की गई थी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X