Saharanpur News:12 दिन बाद तीन माह के लिए थम जाएंगी ट्रेनें, मुश्किल होगा सफर – In 12 Days, Train Services Will Be Suspended For Three Months; Travel Will Become Difficult
सहारनपुर। ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने वाली है। कोहरे के कारण वाया सहारनपुर होकर निकलने वाली 10 से अधिक ट्रेनें 12 दिन तीन माह के लिए थम जाएंगी। ट्रेनों को एक दिसंबर से फरवरी 2027 के अंतिम सप्ताह और कुछ को दो मार्च तक बंद रखा जाएगा। रेलवे ने इन ट्रेनों में अग्रिम आरक्षण पर भी रोक लगा दी है।
सहारनपुर से अप-डाउन में करीब 153 ट्रेनों का आवागमन होता है। कोहरे की दस्तक शुरू हो गई है। ट्रेनों की लेटलतीफी का सिलसिला भी शुरू हो गया। इसलिए रेलवे ने पहले ही लंबी दूरी की ट्रेनों को तीन माह के लिए निरस्त रखने का निर्णय लिया है। ट्रेनों के निरस्त होने से जम्मूतवी, अमृतसर, हरियाणा, बिहार जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी। रेलवे से जारी सूची के अनुसार, 14523-24 बरौनी-अंबाला हरिहर एक्सप्रेस तीन दिसंबर से एक मार्च और एक दिसंबर से 27 फरवरी 2027 तक निरस्त रहेगी। 14605-06 ऋषिकेश-जम्मूतवी एक्सप्रेस सात दिसंबर से एक मार्च और छह दिसंबर से 28 फरवरी तक नहीं चलेगी।
14617-18 पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस तीन दिसंबर से दो मार्च और एक दिसंबर से 28 फरवरी तक निरस्त रखी जाएगी। 18103-04 टाटानगर-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस दो दिसंबर से 24 फरवरी व चार दिसंबर से 26 फरवरी तक निरस्त रहेगी। 12207-08 काठगोदाम-जम्मूतवी गरीबरथ एक्सप्रेस आठ दिसंबर से दो मार्च और छह दिसंबर से 28 फरवरी तक नहीं चलेगी। इन ट्रेनों में टिकट आरक्षण भी शुरू हो गई है। उधर, अंबाला मंडल के वरिष्ठ डीसीएम यशनजीत सिंह ने बताया कि कोहरे की वजह से लंबी दूरी की ट्रेनें लेट होती हैं। इसलिए कुछ ट्रेनों को निरस्त रखा जाता है।
