Sant Kabir Nagar News:स्वगणना के लिए अभिभावकों और ग्रामीणों को जागरूक करेंगे शिक्षक – Teachers Will Raise Awareness Among Parents And Villagers Regarding Self-enumeration
संतकबीरनगर। जनगणना के तहत परिवार प्रपत्र (जनसांख्यिकी एवं साक्षरता) की स्वगणना प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने सभी प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों, शिक्षक संकुल और एआरपी को अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। 16 से 30 नवंबर तक चलने वाली इस प्रक्रिया में अधिक से अधिक परिवारों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। बीएसए ने निर्देश दिया कि शिक्षक विद्यालयों में प्रार्थना सभा, अभिभावक बैठकों और डिजिटल माध्यमों से लोगों को स्वगणना के महत्व और प्रक्रिया की जानकारी दें। साथ ही अभिभावकों और ग्रामीणों को निर्धारित पोर्टल के माध्यम से स्वयं परिवार का विवरण भरने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने परिवार प्रपत्र में सही और तथ्यात्मक जानकारी दर्ज करने तथा पोर्टल पर दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। शिक्षक संकुल और एआरपी को विद्यालयों में अभियान की नियमित समीक्षा करने और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बीएसए अमित कुमार सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान सर्वोच्च प्राथमिकता से संचालित करने तथा निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
