गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
संभल

Sambhal News:एक साथ उठीं दो दोस्तों अर्थियां… हर आंख नम – The Bodies Of Two Friends Were Raised Together… Every Eye Was Moist

November 19, 2026


चंदौसी। सोमवार की रात घर से हंसते हुए निकले थे… कहा था, जल्दी लौट आएंगे। मगर किसे पता था कि वो विदाई ही आखिरी विदाई होगी। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में बस हादसे में जान गंवाने वाले शहर के दो दोस्तों विक्की और रोहित के शव जब बुधवार को लाए गए तो पावर हाउस कॉलोनी में मातम छा गया। देर रात मुरादाबाद रोड स्थित श्मशान घाट पर जब दोनों दोस्तों की चिताएं जलीं तो हर आंख नम हो गई।

विक्की (37) और रोहित कश्यप (35) पावर हाउस कॉलोनी के निवासी थे। वे बचपन के दोस्त थे और शादियों व अन्य आयोजनों में इलेक्ट्रीशियन का काम करते थे। दोनों सोमवार रात करीब आठ बजे घूमने के लिए घर से निकले थे। वे चंदौसी से ट्रेन द्वारा हरिद्वार गए थे। वहां से उन्हें उत्तराखंड के श्रीनगर जाना था। मंगलवार सुबह करीब सवा तीन बजे वे जोशीमठ विश्वनाथ सेवा समिति की बस में बैठे।

ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुनि की रेती थाना क्षेत्र के पास बस अनियंत्रित हो गई। यह करीब 120 फीट गहरी खाई में जा गिरी। बस गूलर नदी में गिरी, जिसमें 34 लोग सवार थे। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जिनमें विक्की और रोहित भी शामिल थे।

परिजन मंगलवार को ही बदहवास हालत में ऋषिकेश के लिए रवाना हो गए थे। बुधवार को शव एंबुलेंस से कॉलोनी पहुंचे तो पूरा मोहल्ला उमड़ पड़ा। रोहित की मां रेनू और पत्नी रेशू का रो-रोकर बुरा हाल था। उनके दो बेटी व एक बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया है।

अंतिम यात्रा भी साथ निकली

विक्की अविवाहित था। उसके परिवार में मां गनवति, बड़ा भाई गुलाब सिंह और एक शादीशुदा बहन हैं। विक्की की मां बार-बार कह रही थी कि बेटा जल्दी आने को कहकर गया था। देर रात श्मशान घाट पर दोनों दोस्तों का एक साथ अंतिम संस्कार हुआ। जिंदगी में साथ चले ये दोस्त आखिरी यात्रा में भी साथ ही गए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X