शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seoni Accident:सिवनी में भीषण सड़क हादसा, ऑटो-बाइक की टक्कर में एक की मौत; 11 लोग हुए घायल – Road Accident In Seoni: Auto-rickshaw And Motorcycle Collide; One Dead, 11 Injured
सिवनी

Seoni Accident:सिवनी में भीषण सड़क हादसा, ऑटो-बाइक की टक्कर में एक की मौत; 11 लोग हुए घायल – Road Accident In Seoni: Auto-rickshaw And Motorcycle Collide; One Dead, 11 Injured

November 6, 2026


मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। छपारा के पास नए गांव के समीप एक ऑटो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छपारा की ओर आ रहा यात्री ऑटो क्षमता से कहीं अधिक सवारियों को लेकर चल रहा था। बताया जा रहा है कि करीब 20 लोग ऑटो में सवार थे। इसी दौरान नए गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें सवार लोग सड़क पर दूर-दूर जा गिरे।

पढे़ं: राज्यसभा नामांकन रद्द होने पर हाईकोर्ट पहुंचीं मीनाक्षी नटराजन, चुनाव याचिका की दायर

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे तथा पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना देने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही छपारा थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सिवनी रेफर किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ऑटो में क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां बैठी थीं। इस हादसे ने एक बार फिर ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों वाहनों को जब्त कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X