शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सीहोर:दीपों की रोशनी से निखरा कुबेरेश्वरधाम, भक्ति के उजाले में उमड़े श्रद्धालु; 8 नवंबर को खजाना पूजन – Sehore: Kubereshwar Dham Glows With Diwali Lights, Devotees Gather For Special Worship And Blessings
सीहोर

सीहोर:दीपों की रोशनी से निखरा कुबेरेश्वरधाम, भक्ति के उजाले में उमड़े श्रद्धालु; 8 नवंबर को खजाना पूजन – Sehore: Kubereshwar Dham Glows With Diwali Lights, Devotees Gather For Special Worship And Blessings

November 6, 2026


दीपों की जगमगाहट, रंग-बिरंगी रोशनी और आस्था से सराबोर वातावरण… दीपावली के पावन पर्व पर चितावलिया हेमा स्थित कुबेरेश्वरधाम इन दिनों भक्ति और उल्लास की अद्भुत छटा बिखेर रहा है। मंदिर परिसर की आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के मन को मोह रही है। धनतेरस पर हजारों भक्त भगवान मुरली मनोहर के दर्शन और विशेष पूजन के लिए पहुंचे। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने पर्व को जरूरतमंदों की मदद और खुशियां बांटने के साथ मनाने का भावपूर्ण संदेश दिया।

रोशनी और सजावट से सजा धाम, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

दीपोत्सव के अवसर पर कुबेरेश्वरधाम को रंग-बिरंगी लाइटिंग, आकर्षक झालरों और विशेष सजावट से सजाया गया है। मंदिर परिसर की भव्यता देखते ही बन रही है। शाम होते ही रोशनी से नहाया धाम श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन जाता है। धनतेरस पर बड़ी संख्या में भक्तों ने भगवान मुरली मनोहर के दर्शन किए। शाम को भगवान का विशेष अभिषेक, पूजन और शृंगार किया गया। इस दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा सहित विठलेश सेवा समिति के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- धनतेरस पर भोपाल के बाजारों में धन की बरसात: बाजारों में उमड़ी भीड़, हल्की ज्वेलरी,सिक्कों की मांग,बर्तन आकर्षण

जरूरतमंदों की मदद से मनाएं दीपावली : पंडित प्रदीप मिश्रा

धनतेरस पर पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली केवल रोशनी और खुशियों का त्योहार नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियां लाने का अवसर भी है। पर्व पर जरूरतमंदों की मदद करना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि धनतेरस सकारात्मकता, सुख-समृद्धि और शुभ शुरुआत का प्रतीक है। भगवान धन्वंतरि, मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा के साथ लोग अपने परिवार की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं। उन्होंने सभी के जीवन में खुशहाली, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।

8 नवंबर को बाबा कुबेर भंडारी का खजाना पूजन

पांच दिवसीय दीपोत्सव के दौरान कुबेरेश्वरधाम में विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। आगामी 8 नवंबर को बाबा कुबेर भंडारी का विशेष अभिषेक-पूजन और खजाना पूजन किया जाएगा। पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में विठलेश सेवा समिति और श्रद्धालुओं द्वारा आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। दीपावली, रूप चौदस, गोवर्धन पूजा और भाई दूज पर भी विशेष पूजा-पाठ और धार्मिक गतिविधियां होंगी।

अन्नकूट में 56 और 108 पकवानों का लगेगा भोग

विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान भगवान के विशेष अभिषेक, श्रृंगार और अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। सनातन परंपरा में अन्नकूट का विशेष महत्व है। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को 56 अथवा 108 प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित किया जाता है। विभिन्न व्यंजनों से भोग सजाकर भगवान को समर्पित किया जाता है। धाम में श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी वितरण भी जारी है। पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला सहित समिति के सदस्य व्यवस्थाओं में जुटे हैं। दीपोत्सव के दौरान धाम में आस्था, सेवा और परंपरा का संगम देखने को मिल रहा है।

दीपोत्सव की दिव्य छटा में जगमगाया कुबेरेश्वरधाम, प्रदीप मिश्रा ने दिया जरूरतमंदों की मदद का संद

दीपोत्सव की दिव्य छटा में जगमगाया कुबेरेश्वरधाम, प्रदीप मिश्रा ने दिया जरूरतमंदों की मदद का संद

दीपोत्सव की दिव्य छटा में जगमगाया कुबेरेश्वरधाम, प्रदीप मिश्रा ने दिया जरूरतमंदों की मदद का संद

दीपोत्सव की दिव्य छटा में जगमगाया कुबेरेश्वरधाम

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X