संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। जिले के कनेंग गांव निवासी अभिनेता रवि चौहान का चयन पुणे स्थित फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) के दो वर्षीय अभिनय प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के लिए हुआ है।
रवि चौहान ने वर्ष 2006 में जिले की नाट्य संस्था संस्कृति थिएटर फाउंडेशन से अभिनय की शुरुआत की थी। उन्होंने वरिष्ठ रंगकर्मी एवं नाट्य निर्देशक आलोक सक्सेना से अभिनय का शुरुआती प्रशिक्षण लिया। रवि चौहान ने बताया कि वह कई फिल्मों, शॉर्ट फिल्मों और धारावाहिकों में काम कर चुके हैं।
इनमें गर्ल इन द सिटी, लघुशंका, इत्तू सी बात, दस जून की रात, कहां शुरू कहां खत्म, कश्मकश, बारकोड और संदीप भैया सीजन-2 शामिल हैं। उनकी आगामी फिल्म कूकू की कुंडली है। एफटीआईआई में चयन के लिए उन्हें लिखित परीक्षा, कार्यशाला और साक्षात्कार के तीन चरणों से गुजरना पड़ा। देशभर से आए हजारों आवेदकों में से चयनित 16 प्रतिभागियों में उन्होंने जगह बनाई।