गढ़ीपुख्ता। गांव औरंगाबाद उर्फ गंदेवड़ा में रंजिश के चलते चार दिन पहले युवक पर हमला कर घायल करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपियों ने महिलाओं को तमंचा दिखाते हुए गांव से बाहर निकालने की धमकी दी है। पीड़ितों ने आरोप लगाते हुए गांव छोड़ देने की बात कही है। भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने पीड़ित परिजनों से मिलकर जानकारी ली और पुलिस-प्रशासन से आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।
सतीश कुमार की ओर से दर्ज रिपोर्ट में बताया कि छह नवंबर को उसका बेटा सुनील कुमार अपने साथी के साथ सोहनजनी गांव से सामान लेकर लौट रहा था। आरोप है कि गांव के पास आनंद, रजत, विक्रांत, गुलशन और अवि समेत अन्य लोगों ने उसे रोककर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया। हमले में सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली थी।
मंगलवार को पीड़ित परिवार की महिला तारावती और शकुंतला व युवती साक्षी और खुशी ने आरोप लगाया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने आरोपियों पर रास्ते में रोककर तमंचा दिखाने और गांव से बाहर निकालने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि अब परिवार गांव छोड़ने को मजबूर है।
पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष प्रभात भारती ने पुलिस से पुलिस प्रशासन से आरोपियों को गिरफ्तार कर परिवार को सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान अंकुश गौतम, गौरव कुमार, सतेन्द्र झाल, नीरज बर्मन आदि मौजूद रहे।
जांच अधिकारी थाना प्रभारी शिवदत्त ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। तमंचे दिखाने के आरोप को प्राथमिकी में शामिल किया जा रहा है।