रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
श्रावस्ती

Shravasti News:बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 12 घायल – Out-of-control Tractor-trolley Overturns; 12 Injured

November 25, 2026


श्रावस्ती। सोनवा क्षेत्र के ग्राम फतुहापुर निवासी करीब 40 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर मंगलवार को लखरावं मेला देखने के लिए आ रहे थे। भनगुसरा मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में लगभग 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया गया।

मेले में पहुंचने की जल्दबाजी ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार लगभग 40 लोगों की जिंदगी खतरे में डाल दी। फतुहापुर निवासी रोहित अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली से गांव के लोगों को हरिहरपुररानी स्थित लखरावं मेला दिखाने के लिए ला रहे थे। तेज रफ्तार के चलते भनगुसरा मोड़ पर मोड़ते समय वाहन अनियंत्रित हो गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई।

ट्रॉली में सवार जानू (19), सुंदरपता (45), सोनू (11), लक्ष्मी (18), पुष्पा (25), अंजली (18), आरती (40), सनीदेवल (13), नंदनी (13), फूला (13), शिवानी (8) व सुनीता (40) गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को एंबुलेंस से संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया। घायल के परिजनों ने बताया कि दुर्घटना के बाद वाहन चालक रोहित मौके से भाग गया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X