Siddharthnagar News:उमड़ी खरीदारों की भीड़, वाहन से लेकर झाड़ू तक की हुई खरीदारी – Siddharthnagar News: Crowds Of Shoppers Turn Out; Purchases Range From Vehicles To Brooms
– वाहन, बर्तन, आभूषण और इलेक्ट्रॉनिक सामान के साथ झाड़ू की भी रही मांग
– पर्व को लेकर सजी दुकानों पर सुबह से उमड़े खरीदार, देर रात तक रही चहल-पहल
सिद्धार्थनगर। धनतेरस पर शुक्रवार को जिले भर के बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। वाहन, सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और कपड़ों की दुकानों पर सुबह से देर शाम तक चहल-पहल रही। लोगों ने परंपरा के अनुसार झाड़ू, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और पूजा सामग्री की भी खरीदारी की। बाजारों में त्योहार को लेकर उत्साह का माहौल रहा।
जिला मुख्यालय के सिद्धार्थ चौराहा, कपड़ा गली, लुंबिनी मार्ग, स्टेशन रोड और उसका रोड सहित तहसील व कस्बों के बाजारों में सुबह से ही खरीदारी शुरू हो गई। सराफा कारोबार में लोगों ने सोने-चांदी के सिक्के, जेवर, पायल, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और पूजा के बर्तन खरीदे। कपड़े, मिठाई, खिलौने, मोमबत्ती, बिजली की झालर और झाड़ू की भी मांग रही।
ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी खूब हुई खरीदारी
धनतेरस पर कार और बाइक के शोरूम में ग्राहकों की भीड़ रही। कई लोगों ने पहले से बुक कराए वाहनों की डिलीवरी ली। कारोबारियों के अनुसार, दिवाली तक वाहनों की खरीदारी का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। सुरक्षा के लिहाज से छह एयरबैग वाली कारों को ग्राहकों ने पसंद किया।
इलेक्ट्रॉनिक बाजार में टीवी और वॉशिंग मशीन की मांग
इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर टीवी, फ्रिज, मोबाइल और वॉशिंग मशीन की बिक्री हुई। कारोबारी सत्यम ने बताया कि 34 इंच के मुकाबले 43 इंच के टीवी की मांग अधिक रही। नई तकनीक वाली ऑटोमेटिक वॉशिंग मशीन भी ग्राहकों को पसंद आई। मिठाई कारोबारियों को पिछले वर्ष की तुलना में करीब 20 प्रतिशत अधिक बिक्री की उम्मीद है।
बर्तन बाजार में भी रही रौनक
धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा के चलते दुकानों पर ग्राहकों की कतार लगी रही। लोगों ने पीतल, फूल और अन्य धातुओं के बर्तनों के साथ गैस स्टोव, कुकर और नॉनस्टिक बर्तनों की खरीदारी की। सिद्धार्थ तिराहा पर लगी लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की दुकानों पर भी भीड़ रही।

शहर के सिद्धार्थ तिराहे के पास लक्ष्मी व गणेश की प्रतिमा में खरीददारी करती महिलाएं। संवाद
