रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सिद्धार्थनगर

Siddharthnagar News:खरना का प्रसाद ग्रहण कर शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला व्रत, आज अस्ताचलगामी सूर्य को देंगी अर्घ्य – Siddharthnagar News: 36-hour Waterless Fast Begins Following The Consumption Of ‘kharna’ Prasad; Devotees Will Offer ‘arghya’ To The Setting Sun Today

November 15, 2026


– घरों में बनेंगे ठेकुआ, चावल के लड्डू और पारंपरिक पकवान, छठी मइया के गीतों से गूंजेंगे घर-आंगन

सिद्धार्थनगर। लोक आस्था, पवित्रता और कठिन साधना का महापर्व छठ शनिवार को खरना के साथ अगले पड़ाव पर पहुंच गया। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती महिलाओं ने 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लिया। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घरों में प्रसाद बनाने की तैयारी होगी और शाम को नदी, तालाबों व पोखरों के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी।

खरना के बाद व्रती महिलाओं का निर्जला व्रत शुरू हो गया। इस दौरान अन्न और जल दोनों का त्याग किया जाता है। खरना के दिन व्रती महिलाएं दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को स्नान कर स्वच्छता के साथ प्रसाद तैयार करती हैं। गुड़ से बनी खीर, रोटी और अन्य पारंपरिक पकवान सूर्यदेव और छठी मइया को अर्पित किए जाते हैं। पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करती हैं। इसके बाद करीब 36 घंटे तक चलने वाला निर्जला व्रत शुरू हो जाता है।

रविवार सुबह से ही घरों में ठेकुआ, चावल के लड्डू, कसार और अन्य पारंपरिक प्रसाद बनाने का सिलसिला शुरू होगा। ठेकुआ बनाने के लिए गेहूं को धोकर सुखाया जाएगा और फिर उसे पीसकर आटा तैयार किया जाएगा। प्रसाद बनाने में शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। कई परिवारों में इसके लिए नए चूल्हे और बर्तनों का इस्तेमाल किया जाता है। महिलाएं मिलकर प्रसाद तैयार करेंगी, जबकि पुरुष सदस्य बाजार से फल, नारियल, गन्ना और सूप-दउरा समेत अन्य पूजन सामग्री की व्यवस्था करेंगे।

घाटों पर दिखेगी आस्था की छटा

सिद्धार्थनगर शहर से लेकर बांसी, डुमरियागंज, इटवा, शोहरतगढ़ और बढ़नी क्षेत्र तक छठ पर्व की रौनक दिखाई देगी। ग्रामीण क्षेत्रों में नदी, तालाब और पोखरों के किनारे बने घाटों पर पूजा की तैयारियां पूरी की जाएंगी। परिवार के सदस्य घाटों की सफाई, रास्तों की व्यवस्था और पूजन स्थल सजाने में जुटेंगे। कहीं सामूहिक रूप से घाट सजाए जाएंगे तो कहीं परिवार अपने स्तर से पूजा की व्यवस्था करेगा।

पंडित धनंजय मिश्रा ने बताया कि शाम को सूर्यास्त के समय व्रती महिलाएं जल में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देंगी। बांस के सूप में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री रखकर विधि-विधान से पूजा की जाएगी। इस दौरान परिवार के सदस्य भी शामिल होंगे। घाटों पर दीप जलाकर सूर्यदेव की आराधना की जाएगी और छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजेंगे। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाएं घर लौटेंगी, लेकिन उनका निर्जला व्रत जारी रहेगा।

लोकगीतों से गूंजेंगे घर-आंगन

छठ पर्व की पहचान केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें लोकगीतों और पारिवारिक परंपराओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। घरों में महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गाकर पर्व की तैयारियां करेंगी। ””कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए”” और ””केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल”” जैसे लोकगीतों से वातावरण भक्तिमय होगा। इन गीतों में सूर्यदेव की उपासना, छठी मइया के प्रति श्रद्धा और संतान की सुख-समृद्धि की कामना झलकती है।

उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा व्रत का पारण

पंडित पवन कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार सुबह छठ पूजा का अंतिम और महत्वपूर्ण चरण होगा। व्रती महिलाएं सूर्योदय से पहले ही घाटों पर पहुंच जाएंगी और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और संतान की दीर्घायु की कामना करेंगी। इसके बाद छठी मइया की पूजा कर व्रत का पारण किया जाएगा। करीब 36 घंटे तक चलने वाली इस कठिन साधना के पूरा होने पर घर लौटकर परिवार और परिचितों के बीच प्रसाद वितरित किया जाएगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X