Siddharthnagar News:पटाखा दुकानों पर दिनभर रही भीड़, पिछले साल से 10 से 15 प्रतिशत बढ़े दाम – Siddharthnagar News: Firecracker Shops Remained Crowded Throughout The Day; Prices Have Risen By 10 To 15 Percent Compared To Last Year
– पांचों तहसीलों में 250 से अधिक अस्थायी दुकानों को जारी हुए लाइसेंस, सुरक्षा के लिए रखे गए अग्निशमन यंत्र और बालू
सिद्धार्थनगर। दिवाली पर शनिवार को जिले में पटाखों की दुकानों पर दिनभर भीड़ लगी रही। पांचों तहसीलों में 250 से अधिक अस्थायी दुकानों के लिए तीन दिन का लाइसेंस जारी किया गया है।दुकानों पर बच्चों से लेकर बड़ों तक में आतिशबाजी खरीदने का उत्साह दिखा। हालांकि, पिछले साल की तुलना में इस बार पटाखों के दाम में 10 से 15 प्रतिशत तक वृद्धि बताई जा रही है।
जिला मुख्यालय के बीएसए ग्राउंड सहित बांसी के माघ मेला परिसर, इटवा, शोहरतगढ़ और डुमरियागंज में पटाखों की दुकानें सजाई गई हैं। जिला मुख्यालय स्थित बीएसए ग्राउंड परिसर में लगी दुकानों पर सुबह से ही खरीदार पहुंचने लगे थे। दुकानों पर रंग-बिरंगी आतिशबाजी की भरमार रही। बच्चों ने फूलझड़ी, अनार और छुरछुरी खरीदी तो युवाओं और बड़ों ने रॉकेट, चकरी और अलग-अलग आवाज वाले पटाखों में रुचि दिखाई। कई लोग 10, 20 और 50 आवाज वाले पटाखे खरीदते नजर आए। अभिभावकों के साथ पहुंचे बच्चे भी अपनी पसंद के पटाखे खरीदने में जुटे रहे।
दुकानदार समीर ने बताया कि हर साल पटाखों की खरीद लागत बढ़ने से कीमतों में इजाफा होता है। दाम कम रहने पर लोग अधिक खरीदारी करते हैं, जबकि कीमत बढ़ने से बिक्री प्रभावित होती है। इस बार भी पिछले साल की तुलना में पटाखे महंगे हुए हैं।
इसी तरह बांसी के माघ मेला परिसर में लगी दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ रही। इटवा में कस्बे के बांसी मार्ग स्थित निजी बस स्टैंड पर पटाखों की दुकानें सजी रहीं। वहीं, शोहरतगढ़ में सेठ राम कुमार खेतान बालिका इंटर कॉलेज परिसर में दुकानें लगाई गई हैं। इन स्थानों पर भी लोगों ने जमकर खरीदारी की।
पटाखा दुकानों पर सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए हैं। दुकानदारों ने आग बुझाने के लिए बालू, पानी और छोटे अग्निशमन यंत्र रखे हैं। कुछ स्थानों पर अग्निशमन विभाग की गाड़ियां भी तैनात रहीं। दुकानदारों को पटाखों का सुरक्षित भंडारण करने और दुकानों के आसपास ज्वलनशील सामग्री नहीं रखने की हिदायत दी गई है।
