गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सिद्धार्थनगर

Siddharthnagar News:मोटर दुर्घटना के क्लेम के निस्तारण पर मंथन – Deliberations On The Settlement Of Motor Accident Claims

November 19, 2026


सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना से जुड़े प्रतिकर दावों का अधिक से अधिक संख्या में निस्तारण कराने के लिए मंगलवार को प्री-ट्रायल बैठक आयोजित की गई। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी अरविंद राय की अध्यक्षता में हुई बैठक में लंबित मामलों के निस्तारण और संभावित समझौतों की रणनीति पर चर्चा की गई।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर आयोजित बैठक में विवादित बिंदुओं, बीमा कंपनियों के दायित्व और आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता पर विचार-विमर्श हुआ। पीठासीन अधिकारी ने कहा कि जिन मामलों में प्रतिकर का भुगतान समझौते के आधार पर संभव है, उन्हें लोक अदालत में प्रस्तुत कराने के लिए पक्षकारों और बीमा कंपनियों के अधिवक्ता सहयोग करें।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शैलेंद्र नाथ ने संबंधित पक्षकारों और बीमा कंपनियों के अधिवक्ताओं से 12 दिसंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर अधिक से अधिक मामलों का सौहार्दपूर्ण निस्तारण कराने की अपील की।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X