शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सिद्धार्थनगर

Siddharthnagar News:34 साल से एक ही दर पर भारत-नेपाल की मुद्रा, अब उठने लगे सवाल – India-nepal Currency Exchange Rate Has Remained Unchanged For 34 Years; Questions Are Now Being Raised

November 12, 2026


सिद्धार्थनगर/खुनुवां। भारत और नेपाल के बीच दशकों से चली आ रही मुद्रा विनिमय दर को लेकर नेपाल में एक बार फिर बहस तेज हो गई है। दोनों देशों के बीच 100 भारतीय रुपये के बदले 160 नेपाली रुपये की दर फरवरी 1993 से कायम है। करीब 34 वर्षों से इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है।

नेपाल की आर्थिक नीतियों की समीक्षा के बीच राष्ट्रीय योजना आयोग के लिए तैयार एक अध्ययन रिपोर्ट में इस स्थिर विनिमय दर के फायदे और नुकसान का आकलन किया गया है। इसका असर दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्रों के व्यापार और आम लोगों की आर्थिक गतिविधियों पर भी पड़ता है। नेपाल राष्ट्र बैंक के पूर्व कार्यकारी निदेशक और अर्थशास्त्री नरबहादुर थापा की ओर से तैयार ”विदेशी विनिमय दर निर्धारण प्रणाली अध्ययन प्रतिवेदन” में इस व्यवस्था के ऐतिहासिक आधार, आर्थिक उपयोगिता और मौजूदा चुनौतियों का विश्लेषण किया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के साथ व्यापारिक निर्भरता, खुली सीमा और दोनों देशों के बीच श्रमिकों की आवाजाही इस व्यवस्था के प्रमुख आधार हैं। नेपाल के कुल विदेशी व्यापार में भारत की हिस्सेदारी करीब 60 से 65 प्रतिशत है। दैनिक उपभोग की वस्तुओं, पेट्रोलियम पदार्थों और औद्योगिक कच्चे माल के लिए भी नेपाल भारतीय बाजार पर काफी निर्भर है।

आर्थिक मामलों के जानकार डॉ. अविनाश प्रताप सिंह के अनुसार, स्थिर विनिमय दर से भारत और नेपाल के बीच व्यापारिक लेनदेन आसान रहता है। सीमावर्ती क्षेत्रों में दोनों देशों के लोग रोजमर्रा की खरीदारी और कारोबार के लिए एक-दूसरे के बाजारों पर निर्भर हैं।

ऐसे में मुद्रा की दर स्थिर रहने से व्यापारियों को कीमतों का आकलन करने और लेनदेन में सुविधा होती है। अचानक विनिमय दर बदलने से कारोबार के साथ आम लोगों के बजट पर भी असर पड़ सकता है।

हालांकि, लंबे समय तक एक ही दर कायम रहने के कुछ नुकसान भी हैं। इससे नेपाली उत्पादों की भारतीय बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता प्रभावित हो सकती है और आयात पर निर्भरता बढ़ने की आशंका रहती है। विशेषज्ञों का मानना है कि विनिमय दर में बदलाव का फैसला जल्दबाजी में लेने के बजाय दोनों देशों के व्यापारिक हितों और आर्थिक परिस्थितियों का आकलन करके ही किया जाना चाहिए।

———

बाजार की अस्थिरता दूर करने के लिए लागू हुई थी व्यवस्था

वर्ष 1960 से पहले नेपाल में विदेशी मुद्रा की विनिमय दर बाजार में मांग और आपूर्ति के आधार पर तय होती थी। उस समय नेपाली मुद्रा की तुलना में भारतीय रुपये का प्रचलन अधिक था। सर्राफा कारोबारी अपनी सुविधा के अनुसार विनिमय दर निर्धारित करते थे। इससे बाजार में अस्थिरता बनी रहती थी और व्यापारियों के साथ आम लोगों को भी परेशानी होती थी। इस स्थिति को देखते हुए नेपाल सरकार ने एक अप्रैल 1960 को भारतीय रुपये के मुकाबले नेपाली मुद्रा की स्थिर विनिमय दर निर्धारित की। इसके तहत 100 भारतीय रुपये के बदले 160 नेपाली रुपये तय किए गए। साथ ही निर्धारित दर पर भारतीय मुद्रा की खरीद-बिक्री की व्यवस्था की गई। इसका उद्देश्य नेपाली मुद्रा पर लोगों का भरोसा बढ़ाना और देश में भारतीय रुपये के अनियंत्रित प्रचलन को नियंत्रित करना था। हालांकि, शुरुआत से ही यह दर स्थिर नहीं रही। वर्ष 1960 से 1993 के बीच आर्थिक परिस्थितियों और भुगतान संतुलन को देखते हुए नेपाल ने इसमें सात बार बदलाव किया। इस दौरान तीन बार नेपाली मुद्रा का पुनर्मूल्यांकन और चार बार अवमूल्यन किया गया। एक फरवरी 1993 को अंतिम बार बदलाव करते हुए 100 भारतीय रुपये के बदले 160 नेपाली रुपये की दर निर्धारित की गई। तब से नवंबर 2026 तक इसमें कोई परिवर्तन नहीं हुआ है।

————

कभी 101 तो कभी 168 रुपये तक पहुंची विनिमय दर

भारतीय रुपये के मुकाबले नेपाली मुद्रा की कीमत अलग-अलग समय में बदलती रही है। 24 मई 1966 को भारतीय मुद्रा के अवमूल्यन के बावजूद नेपाल ने अपनी मुद्रा का अवमूल्यन नहीं किया। इससे नेपाली मुद्रा की कीमत बढ़ गई और 100 भारतीय रुपये की कीमत घटकर 101 रुपये 60 पैसे नेपाली रह गई। यह नेपाली मुद्रा का सबसे मजबूत स्तर था। इसके बाद 22 नवंबर 1967 को नेपाली मुद्रा का 25 प्रतिशत अवमूल्यन किया गया। इससे 100 भारतीय रुपये की कीमत बढ़कर 135 रुपये 15 पैसे नेपाली हो गई। दिसंबर 1971 में यह दर 139 रुपये 15 पैसे और मार्च 1978 में 145 रुपये 15 पैसे तक पहुंच गई। 15 नवंबर 1985 को नेपाली मुद्रा का सबसे अधिक अवमूल्यन दर्ज किया गया। लगातार तीन वर्षों तक भुगतान संतुलन में भारी घाटे के कारण मुद्रा का 13.7 प्रतिशत अवमूल्यन किया गया। इसके बाद 100 भारतीय रुपये की कीमत बढ़कर 168 रुपये 15 पैसे नेपाली हो गई। जून 1991 में नेपाल ने फिर अपनी मुद्रा का पुनर्मूल्यांकन किया और विनिमय दर घटाकर 165 रुपये 15 पैसे कर दी। अंततः फरवरी 1993 में इसे 160 रुपये पर निर्धारित कर दिया गया।

———————–

अचानक व्यवस्था खत्म करने के पक्ष में नहीं आयोग

राष्ट्रीय योजना आयोग के लिए तैयार अध्ययन रिपोर्ट में मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए स्थिर विनिमय दर व्यवस्था को अचानक समाप्त नहीं करने की सलाह दी गई है। हालांकि, भविष्य में नेपाल आर्थिक सुधारों के दूसरे चरण के तहत पूंजी खाते को खोलने की दिशा में आगे बढ़ता है तो इसके लिए चार वर्ष का चरणबद्ध रोडमैप अपनाने का सुझाव दिया गया है। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि भारत के साथ नेपाल के गहरे व्यापारिक और आर्थिक संबंधों को देखते हुए विनिमय दर में किसी भी तरह का बदलाव सावधानी से किया जाना चाहिए। ऐसे में फिलहाल 34 वर्षों से चली आ रही व्यवस्था को जारी रखते हुए इसके आर्थिक प्रभावों और भविष्य की जरूरतों की समीक्षा पर जोर दिया गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X