Sirmour News:खेलो हिमाचल 2026 के लिए युवाओं में भारी उत्साह, पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 नवंबर तक बढ़ी – Khelo Himachal Utsah In Youth
-15 नवंबर तक सिरमौर से 1,040 प्रविष्टियां हुई दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश की सबसे बड़ी खेल प्रतियोगिता ‘खेलो हिमाचल 2026’ को लेकर जिला सिरमौर के युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। खिलाड़ियों और आम जनता की भारी मांग को देखते हुए प्रशासन ने इस प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 30 नवंबर 2026 कर दिया है।
जिला खेल अधिकारी रमा शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए युवाओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर तक ही कुल 1,040 प्रविष्टियां (एंट्रीज) प्राप्त हो चुकी हैं। पंजीकरण की तिथि बढ़ने से उन खिलाड़ियों को भी सुनहरा अवसर मिलेगा, जो किसी कारणवश अभी तक अपना आवेदन नहीं कर पाए थे। उन्होंने बताया कि पहले पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 नवंबर थी।
उन्होंने जानकारी दी कि इस प्रतियोगिता में 15 से 30 वर्ष की आयु वर्ग के महिला और पुरुष दोनों खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए पंजीकरण पूरी तरह से निशुल्क रखा गया है। इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट khelohimachal.hp.gov.in पर जाकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इस महाकुंभ में कुल 8 प्रमुख खेलों को शामिल किया गया है, जिनमें क्रिकेट, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, कुश्ती, रस्साकशी (टग ऑफ वॉर), बैडमिंटन, हॉकी और कबड्डी शामिल हैं।
इतना ही नहीं राज्य स्तर पर विजेता रहने वाले खिलाड़ियों व टीमों को प्रथम पुरस्कार के रूप में 31 लाख रुपये तक की भारी इनामी राशि जीतने का मौका मिलेगा। रमा शर्मा ने जिले के सभी पात्र खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे बढ़ी हुई तिथि का लाभ उठाते हुए 30 नवंबर से पहले अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करें।
