Sirmour News:अभिभावक बच्चों को लेकर टीकाकरण के लिए करते रहे घंटों इंतजार – Children Vaccination Problem In Medical College
-मातृ-शिशु कल्याण केंद्र में टीकाकरण सत्र में खुली व्यवस्थाओं की पोल
-स्टाफ की कमी के चलते एक कर्मचारी के कंधों पर टीकाकरण का दायित्व
चंद्र ठाकुर
नाहन (सिरमौर)। मेडिकल कॉलेज नाहन के मातृ-शिशु कल्याण केंद्र में बुधवार को छोटे बच्चों के टीकाकरण के लिए पहुंचे अभिभावकों को घंटों इंतजार करना पड़ा। डेढ़ वर्ष तक के बच्चों को लेकर केंद्र पहुंचे माता-पिता अपनी बारी के इंतजार में कतारों में खड़े रहे। केंद्र में टीकाकरण की जिम्मेदारी लगभग एक ही कर्मचारी के कंधों पर रही। एक ओर बच्चों को समय पर टीके लगवाने के लिए पहुंचे अभिभावक परेशान होते रहे, वहीं दूसरी ओर सीमित स्टाफ के बीच कर्मचारी को टीकाकरण के साथ कई अन्य जिम्मेदारियां भी निभानी पड़ीं।
बुधवार को केंद्र में नाहन शहर के अलावा शंभूवाला, जाबल का बाग, कोटड़ी और कांशीवाला सहित आसपास के क्षेत्रों से भी अभिभावक बच्चों को टीके लगवाने पहुंचे। भीड़ अधिक होने के कारण उन्हें अपनी बारी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। अभिभावक सीमा वर्मा, राहुल और सरोज ने बताया कि छोटे बच्चों को लेकर घंटों कतार में खड़े रहना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने यहां स्टाफ उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है।
जानकारी के मुताबिक मातृ-शिशु कल्याण केंद्र में महिला स्वास्थ्य सुपरवाइजर के छह पद स्वीकृत हैं। इनमें से चार पद रिक्त चल रहे हैं। इसके अलावा महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता का एक पद भी लंबे समय से खाली है। वर्तमान में केवल दो महिला स्वास्थ्य सुपरवाइजर सेवाएं दे रही हैं, जिनमें से भी एक अवकाश पर है।
दरअसल, केंद्र में हर बुधवार को नियमित टीकाकरण किया जाता है। इसमें डेढ़ वर्ष तक के बच्चों को विभिन्न बीमारियों से बचाव के टीके लगाए जाते हैं। टीकाकरण के साथ प्रत्येक बच्चे का ऑनलाइन और ऑफलाइन रिकॉर्ड तैयार करना भी जरूरी है। इसके अलावा अस्पताल में होने वाली डिलीवरी का ऑनलाइन पंजीकरण, परिवार नियोजन से संबंधित पंजीकरण और इसके लिए आवश्यक सामग्री की व्यवस्था का जिम्मा भी केंद्र के पास है, यानी सीमित कर्मचारियों को टीकाकरण से लेकर रिकॉर्ड और पंजीकरण तक के कई काम एक साथ संभालने पड़ रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज की वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रेणु चौहान ने बताया कि मातृ-शिशु कल्याण केंद्र में स्टाफ की कमी चल रही है। बुधवार को होने वाले नियमित टीकाकरण के लिए एक स्वास्थ्य कर्मी की तैनाती की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय को यहां स्टाफ उपलब्ध करवाने के लिए पत्र भेजा गया है। उन्होंने माना कि कर्मचारियों की कमी के चलते सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
इनसेट
मातृ-शिशु कल्याण केंद्र में 66 बच्चों का टीकाकरण
नाहन। मातृ-शिशु कल्याण केंद्र में बुधवार को नियमित टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान डेढ़ वर्ष तक की आयु के 66 बच्चों को विभिन्न संक्रामक बीमारियों से बचाव के टीके लगाए गए। इनमें छह बच्चों को बीसीजी का टीका लगाया गया, जबकि 60 बच्चों को पेंटा, डीपीटी, रोटा सहित अन्य निर्धारित टीके लगाए गए। चिकित्सा कर्मियों ने प्रत्येक बच्चे के टीकाकरण रिकॉर्ड का सत्यापन कर निर्धारित समयानुसार टीके लगाए।
