Barabanki News:प्रेमिका के पिता की हत्या में दो सगे भाइयों को उम्रकैद – Two Brothers Get Life Imprisonment For Killing Girlfriend’s Father
बाराबंकी। प्रेमिका के पिता की गोली मारकर हत्या करने और उसे घायल करने के मामले में अदालत ने दो सगे भाइयों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। दोनों पर 20-20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
रामनगर के करसा खुर्द गांव निवासी जगन्नाथ मिश्रा की पत्नी मीरा देवी ने 18 फरवरी 2018 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनके अनुसार, उनकी बेटी गायत्री देवी की शादी तीन साल पहले शहर के निकट एक गांव में हुई थी। करीब एक साल पति के साथ रहने के बाद सीतापुर के हरगांव थाना क्षेत्र के भनवापुर गांव निवासी राकेश यादव उसे बहलाकर अपने साथ ले गया था। कुछ दिन बाद गायत्री घर लौट आई थी। इस बात को लेकर राकेश उनके परिवार से रंजिश मानने लगा था।
आरोप था कि 18 फरवरी की रात करीब दो बजे राकेश अपने सगे भाई राजेश यादव के साथ उनके घर पहुंचा। गायत्री के बारे में पूछते हुए दोनों घर में घुस आए और तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें गोली लगने से जगन्नाथ की मौत हो गई, जबकि गायत्री घायल हो गई थी।
इस मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से आठ गवाह पेश किए गए। सुनवाई के बाद अपर जिला जज अंजनी कुमार सिंह ने राकेश और राजेश को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही दोनों पर 20-20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।
