रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Sirmour News:लंबित वित्तीय लाभों को लेकर विद्युत बोर्ड पेंशनरों ने किया प्रदर्शन – Electricity Pensioners Pradarshan In Dhaulakunwa
सिरमौर

Sirmour News:लंबित वित्तीय लाभों को लेकर विद्युत बोर्ड पेंशनरों ने किया प्रदर्शन – Electricity Pensioners Pradarshan In Dhaulakunwa

November 15, 2026


डीए, एरियर, ग्रेच्युटी और मेडिकल बिलों का भुगतान न होने पर जताई नाराजगी

बोले- जीवन के आखिरी पड़ाव में अपने हक के लिए सड़कों पर संघर्ष करने को मजबूर बुजुर्ग

संवाद न्यूज एजेंसी

पांवटा साहिब/धौलाकुआं (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड पेंशनर फोरम यूनिट धौलाकुआं के सदस्यों ने लंबित वित्तीय लाभों की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इससे पहले आयोजित बैठक में पेंशनरों की समस्याओं पर चर्चा की गई। इसके बाद बुजुर्ग पेंशनरों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने मांगें जल्द पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

फोरम के महासचिव हुक्म सिंह और मुख्य सलाहकार पूर्ण चंद ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पेंशनरों से कई वादे किए, लेकिन उन्हें अब तक वित्तीय लाभ नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पेंशनरों की मांगों की अनदेखी कर रही है। उम्र के इस पड़ाव में बुजुर्गों को आराम और इलाज के लिए आर्थिक मदद की जरूरत है, लेकिन उन्हें अपने हक के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पेंशनरों का महंगाई भत्ता (डीए) लंबे समय से लंबित है। डीए के एरियर का भुगतान भी नहीं किया गया है। इसके अलावा वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को संशोधित वेतनमान का एरियर, ग्रेच्युटी और लीव एनकैशमेंट की राशि नहीं मिली है। कई वर्षों से लंबित मेडिकल बिलों का भुगतान न होने से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को इलाज के खर्च का बोझ भी उठाना पड़ रहा है।

फोरम के पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार से पेंशनरों की लंबित मांगों का जल्द समाधान करने और सभी वित्तीय लाभ जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग पेंशनरों को अपने अधिकारों के लिए बार-बार संघर्ष करने के लिए मजबूर न किया जाए।—–

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X