रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Sirmour News:श्री साईं अस्पताल में धूमधाम से मनाया बाल दिवस, नन्हे बच्चों को बांटे उपहार – Health Camp In Sai Hospital
सिरमौर

Sirmour News:श्री साईं अस्पताल में धूमधाम से मनाया बाल दिवस, नन्हे बच्चों को बांटे उपहार – Health Camp In Sai Hospital

November 15, 2026


कार्यक्रम में अभिभावकों को दी पोषण और टीकाकरण संबंधी जानकारी

संवाद न्यूज एजेंसी

नाहन (सिरमौर)। बाल दिवस के अवसर पर श्री साईं मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर नाहन की ओर से शनिवार को शून्य से सात वर्ष तक के बच्चों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर एवं लिटिल चैंपियंस बेबी अवॉर्ड्स कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ उन्हें उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद नाहन की अध्यक्ष उपमा धीमान मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अस्पताल की नाहन शाखा की प्रशासनिक प्रमुख साधिका जोशी ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया।

मुख्यातिथि उपमा धीमान ने बच्चों के स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य के लिए अस्पताल प्रबंधन की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं समुचित विकास के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

अस्पताल के निदेशक डॉ. दिनेश बेदी ने अपने संदेश में कहा कि बच्चों के जीवन के शुरुआती वर्ष उनके शारीरिक और मानसिक विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। अस्पताल का उद्देश्य बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के साथ समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं।

बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुदीप चौधरी ने अभिभावकों को बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित पोषण, समय पर टीकाकरण और उचित देखभाल के महत्व की जानकारी दी। शिविर में बच्चों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई और अभिभावकों को उनके शारीरिक विकास और बेहतर स्वास्थ्य से जुड़े आवश्यक सुझाव दिए गए।

इस अवसर पर अस्पताल की प्रशासनिक प्रमुख साधिका जोशी ने सभी अभिभावकों और मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में डॉ. नफीसा, डॉ. अनिल विष्णोई, डॉ. आदर्श, पीसीएस प्रबंधक मोहित शर्मा, विशाल कश्यप, संदीप सहित अस्पताल के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।————–

साई अस्पताल नाहन में बाल दिवस कार्यक्रम में बच्चों की निशुल्क जांच करते डॉक्टर। स्रोत: संस्थान

साई अस्पताल नाहन में बाल दिवस कार्यक्रम में बच्चों की निशुल्क जांच करते डॉक्टर। स्रोत: संस्थान

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X