शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Sirmour News:सोमवती अमावस्या पर रेणुकाजी तीर्थ में श्रद्धालुओं ने किया शाही स्नान – Shahi Sanaan In Renuka Ji
सिरमौर

Sirmour News:सोमवती अमावस्या पर रेणुकाजी तीर्थ में श्रद्धालुओं ने किया शाही स्नान – Shahi Sanaan In Renuka Ji

November 10, 2026


shahi sanaan in renuka ji

रेणुकाजी तीर्थ के भगवान परशुराम मंदिर में पंक्तिबद्ध होकर पूजा अर्चना को जाते श्रद्धालु। संवाद 

दिवाली के अगले दिन देवताओं के दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और मोक्ष की कामना की

संवाद न्यूज एजेंसी

ददाहू (सिरमौर)। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर सोमवार को ऐतिहासिक रेणुकाजी तीर्थ में श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पवित्र रेणुका झील में शाही स्नान कर पुण्य कमाया। इसके बाद मंदिरों में विधिवत पूजा-अर्चना कर देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।

दिवाली के अगले दिन देवताओं के दरबार में भेंट लेकर परिवार सहित हाजिरी भरने की परंपरा के चलते रेणुकाजी तीर्थ में हर वर्ष श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। इस बार सोमवती अमावस्या, विश्वकर्मा पूजा और गोवर्धन पूजा का संयोग होने से धार्मिक उत्साह और बढ़ गया। आसपास के क्षेत्रों के अलावा दुर्गम ग्रामीण इलाकों से भी श्रद्धालु अपने आराध्य देवताओं के दरबार पहुंचे।

श्रद्धालुओं ने ऐतिहासिक रेणुका झील में शाही स्नान कर मोक्ष और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद श्रद्धालु पंक्तिबद्ध होकर देवताओं के दर्शन करते रहे और अपने साथ लाई गई भेंट देवताओं के चरणों में अर्पित की। मंदिर के पुजारी देवा रमेश कपिल ने बारी-बारी से श्रद्धालुओं को देवताओं का आशीर्वाद प्रदान किया।

इस पावन अवसर पर रेणुकाजी स्थित निर्वाण आश्रम में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरा रेणुकाजी तीर्थ दिनभर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा और जयकारों से तीर्थस्थल गूंजता रहा।———–

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X