रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Sirsa News:कटघरे में समाज…झांकियों में दिखेंगे बाल विवाह के असली गुनहगार – Society In The Dock… The True Culprits Behind Child Marriage To Be Exposed Through Tableaux
सिरसा

Sirsa News:कटघरे में समाज…झांकियों में दिखेंगे बाल विवाह के असली गुनहगार – Society In The Dock… The True Culprits Behind Child Marriage To Be Exposed Through Tableaux

November 27, 2026


सिरसा। बाल विवाह के लिए सिर्फ सात फेरे करवाने वाले ही नहीं बल्कि सब कुछ जानते हुए खामोश रहने वाले भी जवाबदेही से बच नहीं पाएंगे। अब झांकियों के जरिये ऐसे सभी किरदारों को समाज के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।

बाल विवाह की कुरीति पर चोट करने और जिम्मेदारों को आईना दिखाने के लिए 27 नवंबर को चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय स्तर बाल विवाह की झांकी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की दूसरी वर्षगांठ पर होने वाले कार्यक्रम में करीब 6 हजार लोग जुटेंगे।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बाल विवाह के लिए जिम्मेदार लोगों और व्यवस्था को दर्शाती झांकियां होंगी। इनमें बाल विवाह करवाने वाले, इसमें शामिल होने वाले, सब कुछ जानते हुए चुप रहने वाले और जिम्मेदारी निभाने में नाकाम व्यवस्था को दिखाया जाएगा। आयोजकों का दावा है कि देश में पहली बार बाल विवाह के दोषियों को झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।

सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन की ओर से वीरवार को बालिकाओं ने बाल विवाह मुक्त सिरसा अभियान की ट्रॉफी लॉन्च की। चतरगढ़पट्टी के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बेटियों ने ट्रॉफी को हाथों में उठाया और बाल विवाह के खिलाफ अभियान को समर्थन देकर बेटियों की आजादी और अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया।

फाउंडेशन के डायरेक्टर सुनील जागलान ने बताया कि पिछले तीन महीनों से अभियान को मजबूत करने के लिए काम किया जा रहा है। 27 नवंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर एक बजे तक कार्यक्रम होगा। इसमें बेटियां, महिलाएं, पंचायत प्रतिनिधि, विद्यार्थी, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और अधिकारी शामिल होंगे।

जागलान ने कहा कि बाल विवाह केवल करवाने वाले परिवार और व्यक्ति का अपराध नहीं है। इसे रोकने की जिम्मेदारी से मुंह मोड़ने वाले भी सामाजिक रूप से जवाबदेह हैं। झांकियों का उद्देश्य किसी को अपमानित करना नहीं बल्कि समाज की सोच बदलना है। दृश्य माध्यम से इस बुराई के विभिन्न पहलुओं को प्रभावी ढंग से समझाया जा सकता है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाली टीम को 21 हजार, द्वितीय को 11 हजार और तृतीय स्थान पाने वाली टीम को 5100 रुपये दिए जाएंगे। विजेता टीमों को ट्रॉफी भी मिलेगी।

देशभर में लागू हो बाल विवाह के दोषियों की झांकी का मॉडल

सुनील जागलान ने केंद्र और राज्य सरकारों से इस मॉडल को देश के प्रत्येक जिले में लागू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज जब तक जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आवाज नहीं उठाएगा, तब तक केवल कानून से इस बुराई को पूरी तरह समाप्त करना मुश्किल है। बाल विवाह अपराध है, परंपरा नहीं।

16 वर्षों से महिला और बाल अधिकारों के लिए सक्रिय

हरियाणा के जींद जिले के बीबीपुर गांव निवासी सुनील जागलान वर्ष 2010 से 2015 तक गांव के सरपंच रहे। वे 16 वर्षों से महिला अधिकारों, ग्रामीण विकास और बाल अधिकारों के लिए काम कर रहे हैं। उनके प्रयासों से सेल्फी विद डॉटर, पीरियड चार्ट, लाडो पंचायत, लाडो पुस्तकालय, एक पेड़ लाडो के नाम और गाली बंद घर सहित करीब 100 सामाजिक अभियान शुरू हुए। उन्होंने वुमन फ्रेंडली पंचायत और चाइल्ड फ्रेंडली पंचायत की अवधारणा को आगे बढ़ाया। वर्ष 2016 से 2020 तक राष्ट्रपति भवन से तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के नेतृत्व में शुरू हुई स्मार्ट ग्राम परियोजना में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सिरसा को बाल हितैषी जिला बनाने का लक्ष्य

वर्तमान में सुनील जागलान बाल आजादी अभियान चला रहे हैं। इसके तहत सिरसा की सभी ग्राम पंचायतों में मैरिज रजिस्टर स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक गांव में चाइल्ड वेलफेयर एंड प्रोटेक्शन कमेटी बनाई गई है। बाल विवाह रोकने के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त कराए गए हैं। इन प्रयासों से सिरसा को देश का पहला बाल हितैषी जिला बनाने की दिशा में काम हो रहा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X