Sirsa News:मुख्यमंत्री के आगमन के साथ ही राजनीति सरगर्मियां तेज, विधायक खून से लिखेंगे मुख्यमंत्री के नाम पत्र – Political Activity Intensifies With The Chief Minister’s Arrival; An Mla To Write A Letter To The Chief Minister In Blood
सिरसा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के जिले के रविवार को प्रस्तावित दौरे को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री इस दौरान सुबह कालांवाली में यूथ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे जबकि सिरसा शहर के पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में भ्रष्टाचार, सड़क निर्माण में अनियमितताओं, पेयजल लाइन और पेंशन से जुड़े 16 मामलों पर सुनवाई होगी। तीन माह से लंबित सड़कों की जांच का मामला भी बैठक में उठेगा, जिसमें जेई से लेकर एक्सईएन तक के अधिकारियों पर कार्रवाई की उम्मीद है। वहीं सीएम के आगमन से पहले विधायक गोकुल सेतिया ने शहर की बदहाल व्यवस्थाओं के विरोध में अपने खून से मुख्यमंत्री को पत्र लिखने का ऐलान किया है।
शहर के बदतर हालात से सीएम को करवाएंगे अवगत
सीएम आगमन से पहले ही विधायक ने राजनीतिक सरगर्मियां तेज कर दी हैं। विधायक गोकुल सेतिया भ्रष्टाचार की परतें खोलने के साथ-साथ रविवार को भगत सिंह चौक में अपने कार्यकर्ताओं के साथ अपने खून से मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे। पत्र के माध्यम से शहर के बदतर हालात को दुरुस्त करवाने की गुहार लगाएंगे।
बता दें कि यह पहली बार नहीं है, जब विधायक गोकुल सेतिया मुख्यमंत्री को सिरसा के हालात से रूबरू करवा रहे हैं। पिछली जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक से पहले विधायक ने शहर के पार्कों के बदतर हालात को लाइव आकर दिखाया था। मगर उसके बाद भी कोई ठोस कदम अधिकारियों ने इस दिशा में नहीं उठाया। अब बैठक से पहले सुबह 9 बजे खून से पत्र लिखकर विधायक एक नई पटकथा लिखने जा रहे हैं। इसमें वह शहर में विकास करवाने में कितने कामयाब होंगे, यह वक्त ही बताएगा।
बैठक में 16 मामलों में मुख्यमंत्री करेंगे सुनवाई
मुख्यमंत्री के समक्ष भ्रष्टाचार से लेकर पेंशन नहीं बनने के मामले में दसवीं की छात्रा गुहार लगाती हुई नजर आएगी। सरकार की ओर से वर्ष 2024-25 में 25 कॉलोनियों को वैध किया गया था। इनमें सड़कों का निर्माण किया गया था। इनमें से पांच कॉलोनियों के सड़क निर्माण की जांच में बड़े स्तर पर गड़बड़ी सामने आई है। बीएंडआर और मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों ने जांच कर रिपोर्ट उपायुक्त को सौंप दी है। मुख्यमंत्री इस मामले में निर्णय लेंगे कि अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाए।
दसवीं की छात्रा ने लगाई पेंशन की गुहार
एक अन्य परिवाद के अनुसार गांव गिगोरानी की एकता दसवीं कक्षा में पढ़ती है। उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है तथा माता ने दूसरी शादी कर ली है। वह अपनी दादी के साथ रहती थी जिसकी मृत्यु 13 मई को हो चुकी है और उनकी पेंशन भी कट गई है। वह घर पर अकेली रहती है। एकता के अनुसार उसका जीवनयापन बड़ी मुश्किल से होता है। वह लंबे समय से कार्यालयों व अधिकारियों के चक्कर काट रही है। लेकिन बालिग नहीं होने का हवाला देते हुए समाज कल्याण विभाग ने आज तक पेंशन नहीं बनाई है कि वह अपना जीवनयापन कर सकूं। इसलिए पेंशन बनवाकर दी जाए।
एसोसिएशन मांग रही मुआवजे का पैसा
ईरा रेजिडेंशियल एसोसिएशन व प्रधान शगनजीत सिंह गिल ने अपनी शिकायत में अपील की है कि उनकी वेलफेयर कॉलोनी के पार्क में एचवीपीएनएल द्वारा 220 केवीए का टावर लगाया है। जिससे कॉलोनी का पार्क पूरी तरह से नष्ट हो चुका है। पेड़ खत्म हो गए हैं और गड्ढे बन गए हैं। इस पार्क में पेड़-पौधों व घास को पानी देने के लिए पानी का बड़ा टैंकर भी टूट गया है। हमारी मांग है कि एचवीपीएनएल की ओर से पोल लगाने पर मुआवजा राशि मालिक को दी जाती है। वह राशि ईरा कॉलोनी के मालिक को न देकर ईरा रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन सिरसा के खाते में डाली जाए। क्योंकि ईरा मालिक 2016 में इस कॉलोनी को छोड़ चुका है। उसके बाद उसने इस कॉलोनी को कभी भी नहीं संभाला। वर्ष 2016 के बाद ईरा एसोसिएशन ही कॉलोनी की देखभाल व रखरखाव करवा रही है।
पेयजल लाइन बिछाने में अनियमितता पर कार्रवाई की मांग
चोपटा सरपंच नीतू व डिंग नंबर ने अपील की है कि गांव डिंग में जलघर से गांव के गलियों में पेयजल कनेक्शनों को लेकर पाइपलाइन बिछाने का टेंडर वर्ष 2021-2022 में जारी किया गया था। यह टेंडर ठेकेदार मुरारी लाल वर्मा को मिला था। गांव में काम भी शुरू हो गया था। लेकिन ठेकेदार की अनदेखी के कारण पूरे गांव में पाइपलाइन नहीं डाली गई है। जहां तक भी डाली गई है उसका लेवल ठीक नहीं है। खुदाई के बाद ईंटें भी दोबारा सड़क की नहीं लगाई गई। बरसात के समय तो चलना भी मुश्किल हो जाता है। विभाग के अधिकारियों से कई बार अपील की गई। कोई समाधान आज तक नहीं हुआ। इस मामले में दोषी अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
