शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सोलन

Solan News:सोलन की दो पेयजल योजनाओं की 5.95 लाख से होगी मरम्मत, टेंडर जारी – Two Drinking Water Schemes In Solan To Be Repaired At A Cost Of Rs 5.95 Lakh; Tenders Issued

November 1, 2026


करीब 40 हजार की आबादी झेल रही संकट, एक सप्ताह में मिल रहा पानी

भारी बरसात में ढह गया था दो योजनाओं का पंप हाउस व पाइप लाइनें

पुष्पलता शांडिल्य

सोलन। बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पेयजल योजनाओं को बहाल करने के लिए जलशक्ति विभाग ने दो योजनाओं के मरम्मत कार्य के लिए टेंडर जारी किए हैं। कामली मल्ला और पाटी कोलियां पेयजल योजनाओं की मरम्मत पर कुल 5.95 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। मानसून के दौरान भारी बारिश से इन योजनाओं की पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई थीं, जिसके चलते ये काफी समय से बंद पड़ी हैं।

योजनाओं को दोबारा सुचारू करने के लिए नई पंपिंग मशीनरी और संबंधित उपकरण स्थापित किए जाएंगे। विभाग ने कामली मल्ला पेयजल योजना की मरम्मत के लिए 3.50 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है। इसके तहत 25 हॉर्स पावर की सेंट्रीफ्यूगल पंपिंग मशीनरी और संबंधित उपकरण स्थापित किए जाएंगे। इस कार्य को पूरा करने के लिए 90 दिन की अवधि निर्धारित की गई है।

वहीं, पाटी कोलियां पेयजल योजना की मरम्मत के लिए 2.45 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। इसके तहत सबमर्सिबल पंपिंग मशीनरी सेट और संबंधित उपकरणों की आपूर्ति व स्थापना की जाएगी। इस कार्य को पूरा करने के लिए 30 दिन का समय तय किया गया है।

शहर की करीब 40 हजार आबादी पहले ही पेयजल संकट से जूझ रही है। ऐसे में इन योजनाओं के बंद होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। योजनाओं की बहाली से प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुचारू करने में मदद मिलेगी।

कोट

दोनों योजनाओं के लिए ठेकेदारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनकी मरम्मत के लिए कुल 5.95 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। ठेकेदार तय होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। अन्य क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं की मरम्मत के लिए भी टेंडर जारी किए जाएंगे। -ऐन सिंह, एसडीओ, जलशक्ति विभाग

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X