Sonipat News:गलती से 1000 रुपये भेजने का झांसा देकर युवक के खाते से उड़ाए 4.44 लाख रुपये – 4.44 Lakh Rupees Were Withdrawn From A Youth’s Account By Pretending To Send Rs 1000 By Mistake
-अनजान नंबर से आई कॉल के बाद हैक हुआ मोबाइल, गूगल-पे यूपीआई के जरिये छह बार में निकाली रकम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। साइबर ठगों ने एक युवक को गलती से खाते में 1000 रुपये भेजने का झांसा देकर 4.44 लाख रुपये की चपत लगा दी। ठग ने फोन कर युवक से रुपये वापस भेजने को कहा। इसके बाद युवक का मोबाइल हैक हो गया और उसके बैंक खाते से गूगल-पे यूपीआई के माध्यम से छह बार में कुल 4,44,269 रुपये निकाल लिए गए।
गांव टांडा निवासी रोहित ने साइबर थाना (ईस्ट) में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि 16 अक्तूबर को रात करीब 10 बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि उसने गलती से उनके खाते में 1000 रुपये भेज दिए हैं। उसने रोहित से रकम वापस भेजने के लिए कहा। इसके बाद रोहित ने अपना मोबाइल चेक किया तो उनका फोन हैक हो गया और खाते से रकम निकलने लगी। उनके बैंक खाते से छह अलग-अलग लेनदेन के माध्यम से 4,44,269 रुपये निकाल लिए गए। शिकायत के अनुसार, ठगी की रकम का कुछ हिस्सा गोआईबीबो, रेड डॉट पेमेंट प्राइवेट लिमिटेड, बजट एयर और पेटीएम ट्रैवल के माध्यम से ट्रांसफर किया गया। वहीं 98 हजार रुपये अनुविंद के नाम से दर्ज यूपीआई आईडी पर भेजी गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
-अनजान व्यक्ति के पैसे भेजने के दावे पर तुरंत भरोसा न करें। किसी के कहने पर यूपीआई से रकम वापस न भेजें, पहले बैंक खाते में लेनदेन की पुष्टि करें। अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड करें। यूपीआई पिन, ओटीपी और बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें।
इंस्पेक्टर पवन, थाना प्रभारी साइबर सोनीपत
