शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Sonipat News:दूसरे देश से खेलने की इच्छा जताने वाले राष्ट्रीय धावक कुणाल ने वीडियो जारी कर मांगी माफी – National Runner Kunal, Who Expressed His Desire To Play For Another Country, Released A Video And Apologized
सोनीपत

Sonipat News:दूसरे देश से खेलने की इच्छा जताने वाले राष्ट्रीय धावक कुणाल ने वीडियो जारी कर मांगी माफी – National Runner Kunal, Who Expressed His Desire To Play For Another Country, Released A Video And Apologized

November 20, 2026


– दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर अनधिकृत प्रवेश की कोशिश में पकड़ा गया था धावक

– गिरफ्तारी से पहले इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो और क्विज को लेकर चर्चा में था कुणाल

संवाद न्यूज एजेंसी

सोनीपत।

दूसरे देश की ओर से खेलने की इच्छा जता चुके राष्ट्रीय स्तर के धावक कुणाल ने अब वीडियो जारी कर माफी मांगी है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर अनधिकृत प्रवेश की कोशिश के मामले में पकड़े जाने से पहले वह सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट और वीडियो को लेकर चर्चा में था।

एयरपोर्ट पर पकड़े जाने से पहले कुणाल ने 12 नवंबर को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया था। वीडियो में उसने दूसरे देश की ओर से खेलने की इच्छा जताते हुए कहा था कि यदि कोई देश उसे स्वीकार करना चाहता है तो अपनी राय साझा करे। सोशल मीडिया पर 24 घंटे की क्विज प्रतियोगिता में सही जवाब देने वालों को एक हजार रुपये देने का ऐलान भी करता था।

अब सोशल मीडिया पर नया वीडियो सामने आए हैं। वीडियो में उसने लोगों को माफ करने, गलतियों पर पछतावा छोड़ने और खुश रहने का संदेश दिया था। कुणाल ने वीडियो में कहा था कि उसे खुद नहीं पता कि वह कौन है और उसे किसी से कुछ नहीं चाहिए। उसके पास जो कुछ भी है, वह दूसरों के साथ साझा करना चाहता है। वीडियो में उसके विचारों और बेफिक्र अंदाज की झलक दिखाई दी थी।

——

चर्चा में इंस्टाग्राम स्टोरी और डीपी का संदेश

कुणाल की इंस्टाग्राम स्टोरी पर शुक्रवार सुबह शायर साकी अमरोहवी की गजल साझा किया गया। मंजिलें लाख कठिन आएं गुजर जाऊंगा, हौसला हार के बैठूंगा तो मर जाऊंगा…। दोपहर बाद प्रोफाइल डीपी पर संदेश लगाया। उसमें खुद को विद्रोही स्वभाव का बताते हुए लिखा कि केवल संबंध निभाने या किसी के दबाव में आकर उसकी हां में हां नहीं मिला सकता। किताबें पढ़ने, सही-गलत की समझ रखने और परिवार व समाज के हित को प्राथमिकता देने की बात लिखी गई है। लिखा कि जहां उसे किसी के साथ गलत होता दिखाई देता है, वहां वह चुप रहकर सहमति नहीं जता सकता। सोशल मीडिया पर साझा किए गए ये संदेश उसके विचारों को सामने रखते हैं, लेकिन इनके आधार पर किसी घटना से उनका सीधा संबंध स्थापित नहीं किया जा सकता।

——

कुणाल दौड़ में जीत चुका है कई पदक

कुणाल सोनीपत के गांव दीपालपुर का रहने वाला है। राष्ट्रीय स्तर पर एथलेटिक्स में अपनी पहचान बनाई है। वह 1,500 मीटर और पांच किलोमीटर की दौड़ में कई पदक जीत चुका है। वर्ष 2024 में उसने मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से बीपीएड की डिग्री हासिल की। इसके बाद एमपीएड में दाखिला लिया। जुलाई में एनआईएस में चयन होने के बाद वह कोलकाता स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्र में प्रशिक्षण लेने चला गया था। परिवार में माता-पिता के अलावा एक बहन भी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X